उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर रुस्तमपुर में कैंसर से पीड़ित एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस जघन्य अपराध की साजिश खुद महिला के पति ने रची थी और हत्या के लिए उसने दो लोगों को सुपारी दी थी। पुलिस ने पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात 2 जनवरी की रात को अंजाम दी गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को लूटपाट के दौरान हुई हत्या दिखाने की कोशिश की, ताकि शक किसी और पर जाए। हालांकि, पुलिस की गहन जांच में पूरी सच्चाई सामने आ गई। वहीं 3 जनवरी की सुबह पुलिस को महिला की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए। मृतका की पहचान रीता शर्मा पत्नी राहुल शर्मा के रूप में हुई, जो मोहम्मदपुर रुस्तमपुर गांव की रहने वाली थीं।
हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विनीत भटनागर ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि रीता शर्मा की हत्या उसके पति राहुल शर्मा ने अपने दो साथियों शेर अली उर्फ शेरा और फिरोज के साथ मिलकर की। तीनों आरोपी इसी गांव के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू कलह चल रही थी। इसके अलावा रीता शर्मा कैंसर से पीड़ित थीं और उनके इलाज पर काफी खर्च हो रहा था। इसी तनाव के चलते राहुल शर्मा ने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची।
एएसपी ने बताया कि राहुल शर्मा ने हत्या के लिए अपने दोनों साथियों को पैसों का लालच दिया और पुराने उधार माफ करने का वादा किया। 2 जनवरी की रात करीब आठ बजे तीनों ने मिलकर हत्या को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपियों ने घर में सामान बिखेरकर लूटपाट का माहौल बनाने की कोशिश की। वारदात के बाद राहुल शर्मा खुद को बचाने के लिए एक शादी समारोह में चला गया।
घटना के वक्त मृतका के मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने सभी पहलुओं की जांच करते हुए साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा कर दिया। फिलहाल पुलिस ने पति राहुल शर्मा समेत दोनों अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।




























