भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) ने पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक महत्वपूर्ण बैठक और सार्वजनिक संबोधन में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्य को औद्योगिक विकास के अभाव में “कारोबार का कब्रगाह” करार दिया और कहा कि ममता बनर्जी के वादे खोखले साबित हुए हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल अब कारोबार का कब्रगाह बन चुका है। उन्होंने याद दिलाया कि ममता बनर्जी ने सत्ता में आने से पहले युवाओं को रोजगार देने और राज्य में बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित करने का सपना दिखाया था, लेकिन यह सपना कभी साकार नहीं हुआ। उन्होंने सिंगूर का जिक्र करते हुए कहा कि जिस सिंगूर के किसानों और लोगों के आंदोलन ने ममता बनर्जी को सत्ता तक पहुंचाया, आज वही लोग दुखी हैं क्योंकि वहां कोई विकास नहीं हुआ। टाटा मोटर्स का प्लांट रद्द होने के बाद क्षेत्र में कोई बड़ा निवेश नहीं आया, जिससे स्थानीय युवा बेरोजगार रह गए।
दुर्गापुर के औद्योगिक क्षेत्र का उदाहरण देते हुए नवीन ने कहा, “जब मैं इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था, तब दुर्गापुर के इस औद्योगिक क्षेत्र में नौकरी की तलाश में देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा आते थे। आज स्थिति उलट है—अब दुर्गापुर के युवा नौकरी के लिए अन्य राज्यों में पलायन कर रहे हैं।” उन्होंने TMC सरकार पर आरोप लगाया कि उसने केवल सपने दिखाए, लेकिन उद्योग लगाने या रोजगार सृजन का कोई ठोस प्रयास नहीं किया। उन्होंने दुर्गापुर को “बर्बाद” करने का जिम्मेदार ठहराया।
DM और SDO जैसे प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, “यह सरकार चार दिन की है। उनकी बातों में मत नाचो, कठपुतली मत बनो। आप जनता के सेवक हैं, जनता के साथ खड़े रहो।” उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर TMC के भ्रष्टाचार, अराजकता और जनविरोधी नीतियों के बारे में लोगों को बताएं। ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए नवीन ने कहा कि बंगाल की जनता अब TMC की अराजकता से तंग आ चुकी है। लोग आवाज उठा रहे हैं और जल्द ही ऐसी स्थिति आएगी जब ममता बनर्जी सत्ता से बाहर हो जाएंगी।
नवीन ने आश्वासन दिया कि भाजपा बंगाल के विकास के लिए हमेशा खड़ी रहेगी। पार्टी राज्य की प्रगति और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बंगाल की सांस्कृतिक विरासत की सराहना की, लेकिन कहा कि वर्तमान सरकार ने इसे भी प्रभावित किया है।































