मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. चुनाव के बीच टूट-फूट और संभावित क्रॉस वोटिंग की आशंकाओं को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपने विधायकों की घेराबंदी शुरू कर दी है. सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस आज अपने विधायकों को विशेष विमान से कर्नाटक भेज सकती है. सभी विधायकों को दोपहर 12 बजे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बंगले पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद उन्हें शिफ्ट किया जा सकता है.
विधायकों को अपने परिवार के सदस्यों को साथ ले जाने की अनुमति दी गई है, लेकिन स्टाफ को साथ ले जाने की इजाजत नहीं होगी. कांग्रेस का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब बीजेपी ने तीसरी राज्यसभा सीट के लिए महेश केवट को उम्मीदवार बनाया है और चुनाव में क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं.
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्यसभा चुनाव के बीच विधायकों की शिफ्टिंग को लेकर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वह प्रदेश की 8 करोड़ जनता से आग्रह करना चाहते हैं कि बीजेपी ने मध्य प्रदेश की जड़ों में भ्रष्टाचार भर दिया है. पटवारी ने दोहराया कि उन्होंने पहले भी कहा था कि यह ‘अली बाबा और 40 चोरों की सरकार’ है. उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें केवल तीन काम आते हैं-भ्रष्टाचार करना, विज्ञापन देना और गालियां देना.
पटवारी ने राज्यसभा चुनाव में बीजेपी की उम्मीदवार चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पार्टी के पास पर्याप्त विधायक नहीं थे, तब भी उसने तीसरा उम्मीदवार उतार दिया और एक ओबीसी समुदाय के केवट परिवार से आने वाले व्यक्ति को मैदान में उतारा. उन्होंने आरोप लगाया कि जिस पार्टी पर महिला आरक्षण को लेकर सवाल उठते रहे हैं, उसने एक महिला उम्मीदवार के खिलाफ यह रणनीति अपनाई.
पटवारी ने पूछा कि यदि बीजेपी वास्तव में ओबीसी प्रतिनिधित्व चाहती थी तो उस उम्मीदवार को पहले स्थान पर क्यों नहीं रखा गया और बाहरी उम्मीदवार को प्राथमिकता क्यों दी गई. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ओबीसी आरक्षण भी नहीं देना चाहती और ओबीसी नेताओं को केवल हारने के लिए चुनाव मैदान में उतारती है.
पटवारी ने कहा कि यही बीजेपी का चाल, चरित्र और चेहरा है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस देशभर में जनता के मूल अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस का उम्मीदवार विजयी होगा.
