ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव ने सात समंदर पार भारत की रसोइयों में हलचल मचा दी है। देश भर में LPG गैस सिलेंडर का संकट गहरा गया है। गैस एजेंसियों के बाहर सुबह की पहली किरण के साथ ही हजारों की भीड़ उमड़ रही है। हालत यह है कि लोग सिलेंडर पाने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, लेकिन खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
सिलेंडर न मिलने के कारण आम जनता ने अब विकल्पों की तलाश शुरू कर दी है। बाजारों में इंडक्शन चूल्हों की मांग में भारी उछाल आया है, वहीं कई इलाकों में लोग पुराने दौर की तरह लकड़ी और कोयले पर खाना बनाने को मजबूर हैं।
इस मजबूरी का फायदा उठाने से ‘गैस माफिया’ भी बाज नहीं आ रहे हैं। संकट की इस घड़ी में सिलेंडरों की धड़ल्ले से कालाबजारी हो रही है। हालांकि, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और जगह-जगह छापेमारी कर कालाबाजारी करने वालों को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है।
संकट के इसी दौर के बीच झांसी से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ गैस सिलेंडरों से भरा एक पूरा ट्रक चोरी होने से हड़कंप मच गया था। पुलिस ने इस मामले में बिजली की फुर्ती दिखाते हुए 7 आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने इनके पास से लाखों की नकदी और चोरी किए गए भारी मात्रा में गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि जनता की मजबूरी का फायदा उठाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
















