पिता के जन्मदिन पर तेज प्रताप का भावुक पोस्ट

आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव का आज (गुरुवार) जन्मदिन है. हर तरफ से उनको बधाई मिल रही है. परिवार के लोगों ने रात में उनका जन्मदिन भी मनाया. इस बीच बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने भी पिता को जन्मदिन की बधाई दी है. तेज प्रताप ने एक्स हैंडल से पोस्ट किया है. पिता लालू के साथ तस्वीर शेयर की है.

कुछ महीने पहले तेज प्रताप को लालू ने घर से निकाला था. अब पिता के जन्मदिन पर तेज प्रताप ने बड़ा मैसेज दिया है. एक्स पर पोस्ट में लिखा, “जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, पापा! आज आपके जन्मदिन के इस विशेष अवसर पर मैं दिल से कहना चाहता हूं कि मैं स्वयं को बेहद सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे आपका पुत्र होने का अवसर मिला.”

पिता के लिए तेज प्रताप यादव ने आगे कहा, “आपने मुझे सिर्फ जन्म ही नहीं दिया, बल्कि जीवन जीने का सही तरीका भी सिखाया. आपने मुझे संघर्ष करना, लोगों का सम्मान करना, कठिन परिस्थितियों में मजबूत बने रहना और हमेशा आगे बढ़ते रहना सिखाया. आज मैं जो कुछ भी हूं, मेरी हर सफलता, मेरी हर पहचान और मेरे जीवन की हर उपलब्धि आपके आशीर्वाद, मार्गदर्शन और संस्कारों का परिणाम है. मैं अपनी हर उपलब्धि आपको समर्पित करता हूं.”

अपने एक्स पोस्ट से तेज प्रताप यादव भावुक लग रहे हैं. वे लिखते हैं, “पापा, आप सिर्फ हमारे पिता नहीं हैं, बल्कि एक महान नेता, एक महान इंसान और एक प्रेरणा हैं. आपके जैसा व्यक्तित्व, आपकी जैसी दूरदृष्टि, आपकी जैसी निस्वार्थ भावना और आपकी जैसी दृढ़ता शायद ही किसी में देखने को मिले. आपने पूरे परिवार को हमेशा एकजुट रखा, हमें हर सुख-दुख में संभाला और बिना किसी स्वार्थ के अपना सब कुछ हमारे लिए समर्पित कर दिया.”

तेज प्रताप ने कहा कि सिर्फ अपने परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि समाज, राज्य और देश के लोगों के लिए भी आपने अपना पूरा जीवन सेवा में लगा दिया. आपकी समाज सेवा, आपका त्याग और लोगों प्रति आपका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है.

पिता लालू के लिए तेज प्रताप ने प्रार्थना की है कि वे हमेशा स्वस्थ, खुश और दीर्घायु रहें. उन्होंने यह भी कहा कि अगर मेरी उम्र भी आपको लग जाए तो उससे बड़ी खुशी मेरे लिए कोई नहीं होगी, क्योंकि आपका स्वस्थ और मुस्कुराता हुआ चेहरा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत और खुशी है.

Scroll to Top