TMC के बागी सांसद NCPI में ही क्यों जा रहे हैं?

ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के 20 बागी सांसदों ने ‘नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया’ में विलय की घोषणा की है. इस बड़ी राजनीतिक उठापठक के बाद यह गुमनाम पार्टी अचानक से देश की राजनीति में चर्चा में आ गई है. तृणमूल कांग्रेस में चल रही बगावत में यह पार्टी एक बड़ी खिलाड़ी बनकर सामने आ रही है. सब यह समझने में लगे हैं कि NCPI पार्टी किस राज्य से हैं और टीएमसी के बागी सांसद इसी पार्टी में क्यों जा रहे हैं. इस पर NDTV को मिले दस्तावेजो में बड़ी जानकारी सामने आई है. जिसमें यह पता चला है कि यह राजनीतिक दल चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में दर्ज हैं. NCPI पार्टी का चुनावी रिकॉर्ड, पार्टी को कहा से डोनेशन मिला है, उसका संगठन क्या है और कैसा रहा है. यह सब जानकारी सामने आई है.

‘नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया’ 2023 में बनी थी. जिसने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे थे. NCPI पार्टी चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में दर्ज है. इलेक्शन कमीशन की ऑडिट रिपोर्ट और डोनेशन रिकॉर्ड के मुताबिक पार्टी ने अपने वित्तीय दस्तावेज चुनाव आयोग में पेश किए थे. 2023 के चुनाव में पार्टी को चुनाव चिन्ह ‘सात किरणों वाली पेन की निब’ दिया गया था. चुनावी आंकड़ों के मुताबिक पार्टी को कुछ डोनेशन भी मिला था. हालांकि जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ ज्यादा नहीं है.

NCPI पार्टी ने 2023 के त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे. चावमानु, कैलाशहर और अंबासा में पार्टी ने चुनाव लड़ा था. हालांकि किसी भी उम्मीदवार को 550 वोट भी नहीं मिले थे. चावमानु सीट पर 536 वोट, और कैलाशहर 286 वोट और अंबासा सीट पार्टी को 376 वोट मिले थे. यानि पार्टी का वोट आधार बिल्कुल सीमित रहा था. सभी उम्मीदवारों को 1,198 वोट मिले थे. कोई भी उम्मीदवार छाप नहीं छोड़ पाया था. लेकिन हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बाद इस पार्टी ने सभी का ध्यान आकर्षित कर दिया.

NCPI के राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम उत्तिया कुंडू हैं, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं. 10 मई 2026 को उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी. जिसमें उत्तिया कुंडू वर्तमान में पश्चिम बंगाल के सीएम शुवेंदू अधिकारी जो उस वक्त नेता प्रतिपक्ष थे. उनके साथ वायरल हुई थी. अब यह तस्वीर भी तेजी से वायरल हो रही है. खास बात यह है कि उत्तिया कुंडू ने अपने सोशल मीडिया पेज से टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के खिलाफ राजनीतिक तौर से निशाना भी साधा था. जिससे यह साफ होता है कि वह राजनीतिक तौर पर टीएमसी के विरोधी रहे हैं. जिससे उत्तिया कुंडू की भाजपा से नजदीकी की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में हो रही है.

शांतनु डे ने बताया कि 2023 में NCPI ने पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव लड़ने की योजना तैयार की थी. लेकिन पार्टी में पैसों को लेकर अंदरूनी कलह शुरू हो गई थी. जिसके चलते नेताओं में मतभेद हो गए थे. ऐसे में कामकाज ठप पड़ गया था. शांतनु डे के मुताबिक पार्टी ने उनसे 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारी करने के लिए भी कहा था. लेकिन यह प्रस्ताव भी आगे नहीं बढ़ा था लेकिन अब अचानक से पार्टी में तृणमूल कांग्रेस के लगभग दो-तिहाई सांसदों का एक पूरा समूह जुड़ने जा रहा है.

टीएमसी के बागी सांसदों ने रविवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात करके संसद में अलग बैठने की मांग की है. बागी सांसद काकोली घोष सुदीप बंद्योपाध्याय की तरफ से इसकी जानकारी दी गई है. उनका कहना है कि अलग संसदीय समूह के तौर पर मान्यता देने के लिए भी लेटर दिया है. उनकी ओम बिरला के साथ बैठक की तस्वीर भी सामने आई है. सुदीप बंद्योपाध्याय ने बताया कि NCPI पार्टी के तौर पर अब लोकसभा में अलग बैठेंगे और NDA का समर्थन करेंगे. ऐसे में अब सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या लोकसभा में NCPI को अलग से मान्यता मिलेगी. इस पर अब लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के जवाब का इंतजार किया जा रहा है.

Scroll to Top