यूपी में बनेगी स्पेशल ‘SRG’ विंग, योगी सरकार का बड़ा फैसला

वर्तमान से लेकर भविष्य की आपदा चुनौतियों से निपटने के लिए योगी सरकार ने नई फोर्स तैयार की है, जिसका नाम है एसआरजी. एसआरजी के जवान आग, बाढ़ जैसी आपदाओं से लेकर केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल, न्यूक्लियर आपदाओं, हमलों से निपटने के लिए ट्रेनिंग और संसाधन के स्तर से दक्ष होंगे. राहत एवं बचाव कार्य के लिए यूपी फायर एंड इमरजेंसी सर्विस को ये नई विंग तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. डीजी फायर सर्विस सुजीत पांडे ने बताया कि सीएम योगी की प्रेरणा और निर्देशन में फायर सर्विस एसआरजी (स्पेशलाइज्ड रेस्क्यू ग्रुप) बनाया जा रहा है.

240 फायर फाइटर्स के साथ एसआरजी तैयार
आग बुझाने, आग में फंसे लोगों को निकालने, बिल्डिंग के मलबों, नदी, नालों, गड्ढे में फंसे लोगों को निकालने से लेकर भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए यूपी फायर सर्विस बना रहा है स्पेशलाइज्ड रेस्क्यू ग्रुप. शुरुआती दौर में फायर ब्रिगेड के 240 फायर फाइटर्स के साथ एसआरजी तैयार हो रहा है. इन 240 फायर फाइटर्स की ट्रेनिंग एनडीआरफ, सीआईएफ जैसे पैरामिलिट्री फोर्सेस के साथ करवाई जा रही है. एसआरजी के लिए यूनिफॉर्म, लोगो से लेकर हाईटेक उपकरणों की खरीद जारी है. डीजी फायर एंड इमरजेंसी सर्विस सुजीत पांडे ने बताया 15 अगस्त तक एसआरजी काम करना शुरू कर देगी.

10 जिलों में तैनात होंगे SRG के जवान
पहले चरण में 10 जिलों में एसआरजी की तैनाती की जाएगी. हर जिले में एसआरजी के 24 जवान तैनात होंगे. फ़िलहाल एसआरजी को राहत और बचाव कार्य की एडवांस ट्रेनिंग दी जा रही है. सभी रेस्क्यू फोर्स एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सीआईएफ से समन्वय के बाद एसआरजी का कोर्स तैयार किया गया है. एनडीआरएफ, बीएसएफ , आइटीबीपी, सीआईएसएफ के साथ एसआरजी जवानों की ट्रेनिंग कराई जाएगी.

क्या बोले डीजी फायर सर्विस
किसी भी बिल्डिंग के मलबे से फंसे हुए लोगों को निकालना, रोप रेस्क्यू कोर्स, वाटर रेस्क्यू कोर्स, सीबीआरएन(केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल, न्यूक्लियर) कोर्स, फर्स्ट मेडिकल रिस्पांडर कोर्स जैसी ट्रेनिंग एसआरजी को दिलाई जा रही है. डीजी फायर सर्विस सुजीत पांडे के मुताबिक एसआरजी के उत्तर प्रदेश में आने के बाद से एसडीआरएफ को भी काफी मजबूती मिलेगी. सुजीत पांडे के मुताबिक सीएम योगी की प्रेरणा से फायर सर्विस की इस नई विंग के लिए हाईटेक उपकरणों की खरीद जारी है. इस नई विंग के लिए सरकार से पर्याप्त बजट मिला.

Scroll to Top