TMC नेता सब्यसाची के करीबी के घर रेड, मिला करोड़ों का सोना

पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद टीएमसी नेताओं पर शिकंजा कसा जा रहा है। टीएमसी के पूर्व मेयर सब्यासाची दत्ता की गिरफ्तारी के बाद अब उनकी एक करीबी टीना भौमिक साहा के घर से इतना सोना मिला की पुलिस भी चकरा गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक सब्यासाची से पूछताछ के दौरान ही सुराग मिले थे इसके बाद टीना के नादिया जिला स्थित घर पर छापा मारा गया। टीना और उनके पिता के घर से 3 किलो सोना मिला है।

सब्यसाची दत्ता को जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर रही थी और इसी पूछताछ में टीना साहा का भी नाम आ गया। बताया गया कि सब्यसाची ने ही नादिया जिला परिषद की सदस्य टीना भौमिक साहा का नाम लिया था। इसके बाद नजीरपुर स्थित उनके घर पर छापा मारा गया।

पुलिस ने टीना साहा और उनके पिता कंचन भौमिक के घर पर रेड की। रात में दो बजे छापेमारी शुरू हुई और 5 बजे तक तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान दो घरों में मिलाकर करीब 3 किलो सोना मिला। इतना सोना देखकर पुलिस वालों की भी आंखें खुली की खुली रह गईं। जानकारी के मुताबिक बरामद किए गए सोने की कीमत करीब 4 करोड़ 39 लाख रुपये है। छापेमारी के दौरान टीना और उनके पिता दोनों ही घर पर नहीं थे।

सब्यसाची दत्ता और टीना साहा बहुत हीकरीबी माने जाते हैं। पुलिस का कहना है कि संभव है कि अपनी काली कमाई से सब्यसाची सोना खरीदते रहे हों। सब्यसाची के फ्लैट और बैंक लॉकर से भी करीब साढ़े तीन किलो सोना मिला था। टीना के पिता नाजीरपुर में ही कपड़ो की दुकान चलाते हैं। ऐसे में इतना ज्यादा सोना मिलना बड़ी धांधली की ओर इशारा करता है। सब्यसाची और टीना के बाद कई अन्य नेताओं की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

पुलिस इस मामले कि विस्तृत जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह सोना टीना का ही था या फिर सब्यसाची का था। अगर टीना का है तो इतना सोना कैसे जमा किया गया। उनकी क्या कोई ऐसी संपत्ति है जिसको बेचकर सोना खरीदा गया हो। जल्द ही पुलिस टीना से पूछताछ करने के लिए उन्हें नोटिस भेज सकती है। सब्यसाची के कई करीबियों पर शिकंजा कसा जा सकता है। यह मामला काफी बड़ा है और बंगाल की सियासत में एक बड़ा भूचाल ला सकता है।

Scroll to Top