साउथ दिल्ली के महरौली इलाके में 11 साल की एक बच्ची के साथ हुई दरिंदगी ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। फुटपाथ पर परिवार के साथ सो रही बच्ची का अपहरण कर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और बाद में हत्या कर दी गई। मामले में दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सोती बच्ची को उठाकर ले गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने परिवार के साथ मेहरौली इलाके में फुटपाथ पर रहती थी। सोमवार तड़के करीब 5 बजे वह सो रही थी, तभी आरोपी उसे उठाकर अपने साथ ले गया। सुबह बच्ची के गायब होने का पता चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
परिवार ने जताया शक
पीसीआर कॉल मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू की गई। शुरुआती सूचना में एक कैब चालक पर बच्ची को ले जाने का शक जताया गया था। इसके बाद पुलिस ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी जांच में शामिल किया।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
जांच के दौरान पुलिस ने मेहरौली और हरियाणा की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने में सफल रही।
बच्ची का शव जंगल क्षेत्र से बरामद
बच्ची का शव दिल्ली-गुरुग्राम सीमा के पास स्थित जंगल क्षेत्र से बरामद हुआ। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का मानना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होगा।
आरोपी से गहन पूछताछ
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी का पता लगाया गया। उसे सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं
आज (23 जून) बच्ची के परिजन सफदरजंग अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे, जहां पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस जघन्य अपराध में आरोपी के अलावा कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। मामले की जांच जारी है।
