बिहार: बिहार के लौरिया से बीजेपी विधायक ने सार्वजनिक रूप से हथियार लहराकर कानून की धज्जियां उड़ाई। इस पर पुलिस ने एक्शन भी ले लिया है। इस मामले में जांच की जा रही है।
योगापट्टी प्रखंड क्षेत्र के मच्छरगांवा चौक पर वर्षो से कंस वध कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर विशाल मेला भी लगता है। इस मौके पर भाजपा विधायक विनय बिहारी ने सार्वजनिक रूप से हाथी पर सवार होकर हथियार लहराकर कानून की धज्जियां उड़ाई हैं।
अपने गांव में बीजेपी विधायक हाथी पर सवार होकर और अपने हाथों में हथियार लहराकर निकले। उन्होंने इस बात का भी ध्यान नहीं किया कि अगर हाथी अनियंत्रित हो जाता तो इससे बड़ी मुसीबत आ सकती थी। इतना ही नहीं इस तरह से हाथी पर सवार होकर सार्वजनिक स्थल पर हथियार लहराना गैर-कानूनी है। इस बात का भी विधायक ने ध्यान नहीं रखा।
बेतिया के एसपी जयंतकांत ने मामले में संज्ञान लेते हुए योगापट्टी थाना प्रभारी को मामले की जांच करने का आदेश दिया। योगापट्टी थाना ने कार्रवाई करते हुए विधायक विनय बिहारी के लाइसेंसी हथियार को मंगवाया है। पुलिस अब जांच कर रही है कि विधायक ने किस हथियार का प्रदर्शन किया था। इसके अलावा जिस हथियार को विधायक ने लहराया था, उसका लाइसेंस है या नहीं इसकी भी जांच की जा रही है।