भोपाल: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर कांग्रेस विधायक कांति लाल भूरिया ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के नाम पर वर्षों में हजारों करोड़ रुपये इकट्ठा किया। वह फंड कहां गया? वे दिन में दान एकत्र करते हैं और रात में उसी पैसे का उपयोग करके शराब पीते हैं।
राम मंदिर निर्माण भाजपा नेता ने दिया जवाब
मध्य प्रदेश के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांतिलाल भूरिया राम भक्तों को बदनाम ना करें और चैन से राम मंदिर का निर्माण करने दें। भाजपा नेता ने कहा कि चंदे का पूरा हिसाब ट्रस्ट द्वारा रखा जा रहा है। दिग्विजय सिंह ने भी चंदा दिया है, तो भूरिया उसपर क्या कहेंगे। रामेश्वर शर्मा ने आरोप लगाया कि मजारों के नाम पर जो चंदा मांगा जाता है, वह देश विरोधी गतिविधियों में लगाया जाता है. उन्होंने कहा कि कांतिलाल भूरिया शराब की बात नहीं करें तो अच्छा है क्योंकि वह बेहतर जानते होंगे, उनकी पार्टी में कौन कितने पैग लगाता है।
महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता ने भी उठाए सवाल
भूरिया से अलावा महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता सचिन सावंत ने भी राम मंदिर के चंदे पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर पैसा इकट्ठा करना भाजपा के लिए बिजनेस हो गया है। सावंत ने कहा कि आम लोगों को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए। सचिन सावंत ने कहा कि राम मंदिर का फंड सिर्फ मंदिर के लिए इस्तेमाल हो तो ठीक है, लेकिन भाजपा और आएसएस का इतिहास ये बताता है कि वो इसका इस्तेमाल अपनी पार्टी और कार्यकर्ताओं के लिए कर सकते हैं।
दिग्विजय सिंह ने भी चंदे पर उठाया था सवाल
मध्य प्रदेश के नेता इससे पहले भी राम मंदिर के चंदे को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। पिछले दिनों राम मंदिर निर्माण के लिए मप्र पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने 1 लाख 11 हजार 111 रुपये का चंदा दिया था। दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जरिये राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट को चेक भेजा। उन्होंने पीएम मोदी को पत्र भी लिखा था। उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए देश में लोगों से चंदा जुटाने का काम सौहार्द्रपूर्ण तरीके से करने की अपील की। इसके साथ ही कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने विश्व हिंदू परिषद के पुराने चंदे का लेखा-जोखा जनता के सामने रखने की भी मांग की थी।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी मिली है कि पहले दो दिनों में 100 करोड़ से ज्यादा राशि इकट्ठा कर ली गई है।
राम मंदिर में अब तक 600 करोड़ जमा