जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: 10 फरवरी को पहले चरण के चुनावों के बाद अब 14 फरवरी को दूसरे चरण का चुनाव होगा। पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 58 सीटों पर चुनाव हुआ था। लेकिन दूसरे चरण में यूपी के साथ साथ उत्तराखंड और गोवा में भी मतदान हैं। चुनाव आयोग ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। यूपी की बात करें तो पहले चरण पर सबकी निगाहें टिकी हुई थी। क्योंकी इस बार ये इलाका किसान आंदोलन का गढ़ रहा है। लेकिन दूसरे चरण में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है।
Punjab Election: हमने सर्वे करवाया है चन्नी दोनों सीटों से चुनाव हार रहे हैं- अरविंद केजरीवाल
14 फरवरी को यूपी की 55 सीटों पर मतदान हैं। इस दौरान अमरोहा, बरेली, बिजनौर, बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, सहारनपुर, संभल और शाहजहांपुर में मतदान होना है। सभी दलों ने दूसरे चरण के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाया है। इस चरण में बीजेपी समेत अन्य दलों के दिग्गज नेताओं पर दांव खेला गया है।
मैदान में कद्दावर नेता
इस चरण में बीजेपी की तरफ से योगी कैबिनेट के मंत्री सुरेश खन्ना, गुलाबो देवी और बलदेव सिंह औलख के साथ पूर्व मंत्री धर्मपाल सिंह सैनी भी चुनाव मैदान में हैं। तो वहीं, बात समाजवादी पार्टी की करें तो उसकी तरफ से रामपुर के सांसद आजम खान, कमाल अख्तर और महबूब अली जैसे कद्दावर नेता चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे चरण में कुल 586 उम्मीदवार मैदान में हैं।
योगी कैबिनेट के मंत्री सुरेश खन्ना शाहजहांपुर की सदर सीट से मैदान में हैं। इस सीट पर उनको समाजवादी पार्टी-आरएलडी के तनवीर खान और बसपा के सर्वेश चंद्र से चुनौती मिल रही है। जबकि बलदेव सिंह औलख बिलासपुर सीट से मैदान में हैं। उनका मुकाबला सपा के अमरजीत सिंह, बसपा के रामअवतार कश्यप और कांग्रेस के संजय कपूर से होगा।
संभल की चंदौसी सीट पर योगी कैबिनेट की मंत्री गुलाबो देवी एक बार फिर बीजेपी के टिकट पर मैदान में हैं। सपा ने यहां से विमलेश, कांग्रेस ने मिथिलेश और बसपा ने रणविजय सिंह पर दांव लगाया है।
आंवला सीट पर बीजेपी सरकार में मंत्री रहे धर्मपाल सिंह सैनी को सपा के राधाकृष्ण शर्मा, बसपा के लक्ष्मण प्रसाद और कांग्रेस के ओमवीर यादव से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। बीजेपी के धर्मपाल सिंह सैनी यहां से चार बार विधायक रह चुके हैं। वे योगी सरकार में सिंचाई मंत्री भी रह चुके हैं।
आजम खान की प्रतिष्ठा दांव पर
रामपुर की सदर सीट पर सपा के दिग्गज नेता आजम खान मैदान में हैं। उनका मुकाबला बीजेपी के आकाश सक्सेना, कांग्रेस के नवाब काजिम खान और बसपा के सदाकत हुसैन से है। वहीं, उनके बेट अब्दुल्ला आजम खान रामपुर की स्वार सीट से मैदान में हैं। जहां बीजेपी के सहयोगी अपना दल (एस) से हैदर अली खान युवा कैंडिडेट हैं। हैदर अली खान रामपुर के नवाब काजिम खान के बेटे हैं।
दूसरे चरण में यूपी के पूर्व मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी सहारनपुर की नकुड़ सीट से सपा के टिकट पर मैदान में हैं। उनके खिलाफ बीजेपी के मुकेश चौधरी मैदान में हैं।