जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: पंजाब में मतदान जारी हैं। यहां सभी 117 सीटों पर रविवार को वोटिंग हो रही है। इस बीच अभिनेता सोनू सूद की कार जब्त किए जाने की खबर सामने आई है। सोनू सूद पर आरोप है कि वे एक पोलिंग बूथ के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे।
पंजाब में एक शरीर के जुड़वां भाइयों ने डाला वोट तो यूपी में दुल्हन ने विदाई से पहले निभाया फर्ज
प्रशासन के मुताबिक, सोनू सूद को पोलिंग बूथ में जाने से रोका गया और उनकी गाड़ी जब्त कर उन्हें घर भेज दिया गया। पुलिस ने उनके घर से बाहर निकलने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन ने घर से बाहर निकलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
उधर सोनू सूद का आरोप है कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली थी कि बूथ पर पैसे बांटे जा रहे हैं और विपक्षी दल के कार्यकर्ता धमका रहे हैं। उन्होंने कहा, ”बहुत से लोग विशेष रूप से अकाली दल के लोग डरा रहे हैं, बहुत सारे बूथ में पैसे बांटे जा रहे हैं। जब चुनाव होते हैं तो पारदर्शी चुनाव होना चाहिए। मैंने SSP साहब को शिकायत की है।”
मोगा से उम्मीदवार हैं सोनू सूद की बहन
गौरतलब है कि इसी साल सोनू सूद की बहन मालविका सूद कांग्रेस में शामिल हुईं हैं। पार्टी ने उन्हें मोगा से उम्मीदवार बनाया है। मालविका के कांग्रेस में शामिल होने को पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने ‘गेम चेंजर’ बताया था।