Cash-at-home case : दिल्ली हाई कोर्ट के जज यशवंत वर्मा के घर में पर भारी मात्रा में कैश मिलने का मामला बढ़ता ही जा रहा है। इस मामले ने देश की सियासत और न्यायपालिका में हलचल मचा दी है। विवाद इतना बढ़ गया है कि आनन-फानन में सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट को अंतरिम जांच का आदेश दिया। दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस ने इस मामले में गहन जांच की बात कही है। वहीं दूसरी तरफ यशवंत वर्मा ने अपने ऊपर लगने वाले सारे आरोपों को खारिज किया है। जस्टिस वर्मा ने कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। साथ ही कुछ लोग मिलकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
इस मामले पर जस्टिस यशवंत वर्मा लगातार सवालों में घिरते जा रहे हैं। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस एसएन ढींगरा ने कहा कि “पुलिस ने क्राइम सीन को सील करते हुए पहले ही अपने कब्जे में क्यों नहीं लिया। अब तो कई सबूतों से छेड़छाड़ की जा चुकी होगी। अब मुझे किसी क्रिमिनल इनवेस्टिगेशन से कोई खास उम्मीद नहीं है।”
घर सील करने पहुंची यशवंत वर्मा
वहीं अब इस बीच दिल्ली पुलिस ने दिल्ली हाई कोर्ट के जज जस्टिस यशवंत वर्मा के घर पहुंचकर कई जगहों को सील कर दिया है। जानकारी के मुताबिक़ डीसीपी नई दिल्ली देवेश कुमार महला अपनी टीम के साथ घटना वाले स्थान पर भी पहुंचे। जहां आग लगी थी, उस जगह को भी दिल्ली पुलिस ने सील कर दिया है।
आरोपों पर बोले यशवंत वर्मा
जस्टिस यशवंत वर्मा ने अपने खिलाफ आरोपों पर कहा था कि “जिस स्टोररूम में आग लगी थी। वहां पुराने फर्नीचर, क्रॉकरी, गद्दे, कालीन आदि सामान रखे जाते हैं। यह कमरा हमेशा पूरी तरह खुला रहता है। साथ ही इस कमरें में सभी का आना-जाना लगा रहता है। इस कमरें में एंट्री के दो गेट थे। एक मुख्य दरवाजा है वहीं दूसरा क्वार्टर के पिछले दरवाजे की तरफ है। ”
क्या है पूरा मामला ?
गौरतलब हो कि, दिल्ली हाईकोर्ट के जज के घर आग लगने के बाद एक बड़े राज का खुलासा हुआ था। यहां हाईकोर्ट के एक जज के घर से नोटों का भंडार बरामद हुआ था। मामला इतना बढ़ गया कि सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम को तुरंत इस मामले में दखल देना पड़ा। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाई कोर्ट के जज यशवंत वर्मा का ताबदला इलाहबाद हाईकोर्ट में कर दिया। चीफ जस्टिस संजीव खन्ना की अगुआई वाले कॉलेजियम ने यह फैसला लिया।