Earthquake In Myanmar Update : म्यांमार में शुक्रवार, 28 मार्च को आए भूकंप ने पूरे देश में तबाही मचा दी है। इस भूकंप में अब तक 694 लोगों की मौत हो गई है। यह जानकारी म्यांमार की केंद्र सरकार ने दी है। साथ ही सरकार ने यह भी बताया कि इस भूकंप में 1670 लोग घायल हुए हैं।
भूकंप से अब तक 694 मौतों की पुष्टि
म्यांमार के साथ थाईलैंड, बांग्लादेश, चीन और भारत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। थाईलैंड में भी 10 लोगों के मौत की भी खबर सामने आई है। वहीं 100 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। यूनाइटेड स्टेट जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक इस भूकंप से अकेले म्यांमार में ही 10 हजार लोगों के मारे जाने खबर है।
10 हजार के मरने की आशंका
म्यांमार और थाईलैंड में शुक्रवार सुबह 11:50 बजे भूकंप आया था। इस भूकंप की तीव्रता 7.7 दर्ज की गई थी। इस भूकंप ने दोनों देशों में भारी तभी मचा दी है। कई इलाकों में तो बड़ी-बड़ी बिल्डिंग तहस-नहस हो गई हैं। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भी भारी तबाही देखने को मिली है। इस विनाशकारी भूकंप के वीडियो और तस्वीरें अब तक सामने आ रही हैं। यह तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं। इनमें लोग इधर-उधर भागते हुए नजर आ रहे हैं। चारों ओर मलबा ही मलबा दिखाई दे रहा है।
भारत ने भेजी राहत सामग्री
यूनाइटेड स्टेट जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, दोपहर में आए भूकंप के बाद म्यांमार में 14 बार और भूकंप आया। म्यांमार में फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबे में फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। म्यांमार की सैन्य सरकार ने भूकंप राहत कार्यों के लिए दुनिया के तमाम देशों से मदद की अपील भी की है। भारत सरकार ने भी 15 टन राहत सामग्री म्यांमार भेजी है। इसमें टेंट, कंबल, खाने, स्लीपिंग बैग, सोलर लैंप, आवश्यक दवाएं जैसी तमाम चीजें शामिल हैं।