जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: कोरोना महामारी ने फिल्म इंडस्ट्री को बूरी तरह प्रभावित किया। वायरस के कारण कई बड़ी फिल्में ठंडे बस्ते में चली गईं। लेकिन अब ये लंबा इंतजार खत्म हो सकता है। आलिया भट्ट स्टारर फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी की रिलीज डेट अब सामने आ चुकी है। फिल्म को 25 फरवरी को सिनेमाघरों में ही रिलीज किया जाएगा।
संजय लीला भंसाली ने शुक्रवार को गंगूबाई काठियावाड़ी की रिलीज डेट का अनाउंसमेंट किया। संजय लीला भंसाली के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से शुक्रवार को फिल्म की नई रिलीज डेट अनाउंस की गई है। इसमें लिखा गया है, 25 फरवरी को अपने नजदीकी सिनेमाघरों में देखें इसके शासन की कहानी। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस फिल्म को भंसाली और जयंतीलाल गढ़ा ने प्रोड्यूस किया है।
कई बार टली रिलीज डेट
कोरोना महामारी के कारण फिल्म की रिलीज डेट में कई बार बदलाव हुआ। पहले जनवरी और फिर बाद में 18 फरवरी को रिलीज किए जाने के लिए शेड्यूल किया गया था। आखिरकार अब गंगूबाई काठियावाड़ी 25 फरवरी को रिलीज होगी। फिल्म में आलिया भट्ट माफिया क्वीन गंगूबाई काठियावाड़ी के रोल में नजर आएंगी। फिल्म को हुसैन जैदी की बुक पर तैयार किया गया है।
आलिया भट्ट के अलावा फिल्म में अजय देवगन, शांतनु माहेश्वरी, विजय राज, सीमा पहवा भी अहम किरदार में हैं। फिल्म में अजय देवगन, हुमा कुरैशी और इमरान हाशमी का कैमियो रोल है।