नई दिल्ली: बिहार में बाढ़ से हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। राज्य में बाढ़ से अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 25 लाख से ज्यादा आबादी इस बाढ़ की चपेट में है। राज्य के जिले मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण और दरभंगा सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पूर्णिया के चूनापुर हवाईअड्डे पर पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज के जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में बाढ़ और बचाव-राहत कार्य के बारे में विस्तृत समीक्षा की गई।
बता दें कि बिहार के जिन इलाकों में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर है, उनमें अररिया, शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, सुपौल, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और सहरसा जिला शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार के 77 प्रखंडों की 546 पंचायतों के 25 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से अब तक 34 लोगों की मौत हो गई है। स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री ने लगातार दूसरे दिन बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया।