प्यार में तकरार की गुंजाइश होती है लेकिन वार की नहीं. पंजाब के मोहाली की जिस डिंपल से सालों प्यार किया उसका कत्ल हैरी ने आखिर कर कैसे दिया? कत्ल भी ऐसा जो किसी को भी झकझोर दे. ब्रेकअप का ये मतलब नहीं कि उसे मार दिया जाए. मोहाली की डिंपल के कत्ल ने एक बार फिर आशिकों के सनकी मिजाज को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. माना कि डिंपल और हैरी सालों तक रिश्ते में थे. लेकिन जब ब्रेकअप हो गया तो इसे आपसी सहमति मानकर आगे बढ़ने में ही समझदारी थी. ये कौन सी सनक थी कि तू मेरी नहीं तो किसी की नहीं. इसी सनक के चलते वह डिंपल की जान लेने पर उतारू हो गया. हत्या का वीडियो इतना भयावह है कि देखकर कोई भी सिहर उठे.
दफ्तर में घुसकर डिंपल को 20 से 25 चाकू मारने के बाद हैरी ने खुद का गला रेतकर जान देने की कोशिश की. लेकिन वह बच गया. अस्पताल में वह जिंदगी की जंग लड़ रहा है. डॉक्टर ने उसका ऑपरेशन कर दिया हैलेकिन हालत अभी भी गंभीर है. ये जानकारी मोहाली के DSP हरसिमरन सिंह बल ने दी. उन्होंने बताया कि दिल दहला देने वाली ये वारदात मोहाली के फेज-8 थाना इलाके की है.
पुलिस के मुताबिक, 4 जून को बीएनएस की धारा 103 के तहत दर्ज कराई गई एफआईआर पर जांच शुरू कर दी गई है. सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक जांच से पता चला कि हरजिंदर सिंह उर्फ हैरी मान ने अपनी सहकर्मी डिंपल पर उस पीछे से चाकू से वार किए जब वह दफ्तर में बैठी काम कर रही थी. डिंपल को तो भनक तक नहीं थी कि हाथ में चाकू लिए हैरी उनके पीछे खड़ा है. पुलिस के मुताबिक, डिंपल पर हैरी ने चाकू से करीब 20 से 25 वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई.
पुलिस जांच में पता चला कि दोनों ही पटियाला के रहने वाले थे. वह साथ काम करते थे. शुरुआती जांच के मुताबिक, दोनों के बीच पहले निजी संबंध थे, लेकिन बाद में अनबन हो गई. मोबाइल फोन, चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की भी जांच की जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही डिंपल और हैरी दोनों के ही परिजन मौके पर पहुंच गए. हालांकि लड़के का परिवार विदेश में रहता है, लेकिन उसकी बहन यहां वहां पहुंची. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है.