India World’s Fourth Largest Economy: नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक शनिवार, 24 मई को हुई। इस बैठक में देश के लगभग सभी राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। इस दौरान पीएम मोदी ने बैठक की अध्यक्षता की। इस बार बैठक का थीम विकसित राज्य विकसित भारत रखा गया।
भारत ने जापान को पछाड़ा
बैठक खत्म होने के बाद नीति आयोग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने शनिवार को घोषणा करते हुए बताया कि “भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। इस समय देश की अर्थव्यवस्था 4,000 अरब डॉलर (4 ट्रिलियन डॉलर) तक पहुंच गई है।”
“भारत जल्द बनेगा तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था”
सुब्रह्मण्यम ने आगे कहा कि ” कुल मिलाकर वैश्विक और आर्थिक माहौल दोनों भारत के अनुकूल हो रहे हैं। यदि भारत अपनी योजनाओं और रणनीतियों पर कायम रहता है, तो जल्द ही भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।”
“भारत की आर्थिक वृद्धि तेजी से बढ़ रही”
अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (IMF) के आंकड़ों का जिक्र करते हुए सुब्रह्मण्यम ने कहा कि “केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी ही इस समय भारत से आगे हैं। भारत की आर्थिक वृद्धि दर आगे भी इसी तरह से तेज बनी रहेगी।”
डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर बोले सुब्रह्मण्यम
एप्पल के आईफोन निर्माण को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के लेकर सुब्रह्मण्यम ने कहा कि टैरिफ दरें क्या होंगी, यह अभी तक साफ नहीं है। लेकिन जिस तरह से चीजें बदलती जा रही हैं। भारत विनिर्माण के लिए एक सस्ती और आकर्षक जगह बनता जा रहा है।”