जनतंत्र डेस्क, Delhi: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने टोक्यो ओलंपिक में मेडल जीत कर भारत को गौरवांवित करने वाले रवि दाहिया समेत दिल्ली के छह खिलाड़ियों को किया सम्मानित किया। रवि दाहिया को दो करोड़ रुपए की सम्मान राशि देने के साथ-साथ खेल विभाग में असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया गया है। इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, दिल्ली सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ स्पोर्ट्स को भी अब अधिक प्राथमिकता देगी।
सीएम केजरीवाल ने टोक्यो ओलम्पिक समेत अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भारत के लिए मेडल लाने वाले और भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले छह खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि, दिल्ली में तैयार किया जा रहा स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर सिर्फ दिल्ली का नहीं है, यह पूरे देश का है। यहां सभी खिलाड़ी आएं और ट्रेनिंग करें, हमारा मान तब बढ़ेगा, जब पूरे देश को मेडल मिलेंगे। उन्होंने कहा, दिल्ली सरकार की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बच्चों को स्पोर्ट्स में डिग्री देने के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी तैयार करेगी।
सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और विशिष्ट अतिथि के तौर पर परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केरजीवाल ने टोक्यो ओलंपिक मेडल जीतने और भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले दिल्ली के खिलाड़ी रवि दाहिया, शरद कुमार, सिमरन, सार्थक भाम्बरी, आमोद जैकब और कशिश लाकड़ा को नकद प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
रवि दाहिया को 2 करोड़ तो शरद कुमार को 1 करोड़ का चेक
रवि दाहिया को टोक्यो ओलंपिक 2020 में कुश्ती वर्ग में सिल्वर मेडल जीतने पर दो करोड़ रुपए और खिलाड़ी शरद कुमार को उंची कूद में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के लिए एक करोड़ रुपए का चेक सौंपा गया। वहीं, खिलाड़ी सिमरन को 10 लाख रुपए, सार्थक भाम्बरी को 5 लाख रुपए, आमोद जैकब को 5 लाख रुपए और कशिश लाकरा को 10 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि का चेक सौंपा गया।