Canada Indian Student Death News : कनाडा के ओटावा से भारतियों के लिए एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां भारतीय मूल की छात्रा वंशिका की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। वंशिका की मौत की खबर की पुष्टि ओटावा में भारतीय उच्चायोग ने की है। इस मामले में कनाडा की पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक वंशिका की मौत के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। वंशिका पंजाब के डेरा बस्सी की मूल निवासी थी। इसके साथ ही वह AAP पार्टी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा के करीबी सहयोगी देविंदर सिंह की बेटी थी। वह करीब ढाई साल पहले हाई एजुकेशन के लिए ओटावा गई थी। वह वहां डिप्लोमा कोर्स कर रही थी।
करीब 4 दिन से लापता थी वंशिका
वंशिका ओटावा में काफी समय से एक किराए के मकान में रह रही थी। वह 25 अप्रैल 2025 की शाम को अपने घर से निकली, लेकिन वापस नहीं आई। जब फोन कर उसे पूछा तो उसका फोन नहीं लगा। रात करीब 11:40 बजे के बाद से उसका फोन भी बंद हो गया। परिवार ने बताया कि वंशिका ने अगले दिन एक एग्जाम भी छोड़ दिया था। वह ऐसा कभी नहीं करती है। इस घटना के बाद परिवार काफी ज्यादा परेशान हो गया। जब कुछ पता नहीं लगा तो ओटावा में रहने वाले हिंदी समुदाय ने ओटावा पुलिस सेवा को पत्र लिखकर मामले में जांच के लिए अपील की।
समुद्र किनारे मिला वंशिका का शव
परिवार और समुदाय की काफी कोशिशों को बाद भी वंशिका का पता नहीं लग पा रहा था। अखिर में उसका शव एक समुद्र के किनारे पाया गया। फिलहाल वंशिका की मौत के कारणों का अभी कुछ पता नहीं लग पाया है। पुलिस ने जांच जारी रखी हुई है। भारतीय उच्चायोग ने स्थानीय अधिकारियों से मामले को गंभीरता से देखने का अनुरोध किया है।
वंशिका के परिवार ने की जांच की अपील
इसके साथ ही भारतीय उच्चायोग ने बयान जारी कर कहा कि “वे वंशिका के परिवार और स्थानीय सामुदायिक संघों के साथ संपर्क में है। वह उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।” वंशिका के परिवार चाहता है कि जांच “निष्पक्ष और गहन हो। ताकि सच्चाई से पर्दा उठ सके।” यह घटना कनाडा में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।