नई दिल्ली- जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल गुरुवार शाम भारत दौरे पर दिल्ली पहुंच गई हैं। वो इस दौरे में बहुत सी जगहों पर जाएगी। वहीं मर्केल 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक भारत दौरे पर रहेंगी। इस दौरान भारत और जर्मनी के बीच कई समझौते होंगे। एंजेला मर्केल गुरुवार रात लगभग साढ़े आठ बचे दिल्ली में पालम स्थित एयरफोर्स पहुंचीं।
यहां प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने उनका स्वागत किया। मर्केल यहां से सीधा अपने होटल रवाना हो गईं। 1 नवंबर यानी आज राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में उनका सेरेमोनियल रिसेप्शन है। मर्केल 9.30 बजे राजघाट जाएंगी और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगी। शुक्रवार सुबह 10.05 बजे मर्केल का ओबरॉय होटल में कार्यक्रम है। यहां वे भारत की महिला नेताओं से मुलाकात करेंगी।
वहीं फिर 11.30 बजे एंजेला मर्केल का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का कार्यक्रम है। दोनों राष्ट्राध्यक्षों की मुलाकात हैदराबाद हाउस में होगी। हैदराबाद हाउस में ही दिन के ढाई बजे बिजनेस फोरम के साथ मीटिंग आयोजित की गई है। वहीं इसके बाद मर्केल 3.50 बजे गांधी स्मृति पहुंचेंगी। शाम 4.30 बजे एंजेला मर्केल का राष्ट्रपति भवन में कार्यक्रम है। इसके बाद 7 लोककल्याण मार्ग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बैठक आयोजित है।
अगले दिन यानी 2 नवंबर को होटल ताज में बिजनेस डेलीगेशन के साथ उनकी बैठक है। शनिवार को 10.05 बजे आईएमटी मानेसर, गुरुग्राम में कॉन्टिनेंटल ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स इंडिया प्रा. लि. का दौरा करेंगी। यहां के बाद 11.20 बजे चांसलर मर्केल द्वारका सेक्टर 21 मेट्रो स्टेशन का दौरा करेंगी। इन सभी दौरों के बाद एंजेला मर्केल 12.15 बजे जर्मनी के लिए रवाना हो जाएंगी। इसके साथ एंजेला मर्केल का भारत दौरा पूरा हो जायेगा।