Jharkhand Encounter : झारखंड के बोकारो से एक बड़ी खबर सामने आ गई है। यहां सोमवार, 21अप्रेल सुबह-सुबह सुरक्षाबलों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ और स्टेट पुलिस की संयुक्त टीम ने 6 नक्सलियों को मार गिराया है। यहां पर कई नक्सलियों के फंसे होने की आशंका भी जताई जा रही है।
बोकारो में मारे गए 6 नक्सली
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने अपने एक बयान में कहा “सुरक्षाबलों ने कुल 6 माओवादियों को मार गिराया है, तथा एक SLR, दो INSAS राइफलें और एक पिस्तौल बरामद की है। बीच-बीच में गोलीबारी जारी है।”
नक्सल अभियान में बड़ी सफलता
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने मुठभेड़ पर जानकारी दी कि “राज्य पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में आज सुबह झारखंड के बोकारो जिले के ललपनिया क्षेत्र के लुगु पहाड़ियों में मुठभेड़ में चार नक्सलियों को मार गिराया। जवानों ने एक SLR और एक INSAS राइफल बरामद की है। अभी तक जवानों के घायल होने की कोई खबर नहीं है। रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है।”
सुबह साढ़े पांच बजे से शुरू हुई मुठभेड़
जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ लालपनिया इलाके के लुगु हिल्स में करीब साढ़े पांच बजे से शुरू हुई। ‘209 कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन’ (कोबरा) के जवानों ने मुठभेड़ में चार लोगों को मार गिराया है। साथ ही यहां से एक इंसास राइफल एवं एक ‘सेल्फ लोडिंग राइफल’ जब्त की गई।