जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के उद्योग मंत्री मेकापति गौतम रेड्डी का सोमवार सुबह हैदराबाद के निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। मेकापति गौतम रेड्डी 50 साल के थे। वे सोमवार सुबह अचानक अपने घर में बेहोश हो गए थे। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में एडमिट करवाया गया था।
राजनीतिक गठजोड़ का संकेत है तेलंगाना के सीएम केसीआर और उद्धव ठाकरे की मुलाकात
तबीयत खराब होने के बाद मंत्री मेकापति को हैदराबाद के अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया था। सुबह करीब 9.16 बजे उनका निधन हो गया। अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ”आज सुबह गौतम रेड्डी को जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल के इमर्जेंसी वॉर्ड में भर्ती किया गया था। वह अपने घर में ही अचानक बेहोश होकर गिर गए थे। वह अस्पताल 7:45 बजे आए। रेड्डी की सांस नहीं चल रही थी।”
बताया जा रहा है मेकापति गौतम रेड्डी 10 दिन बाद दुबई से लौटे थे। वह दुबई एक्सपो 2022 में हिस्सा लेने गए थे। रेड्डी के पास राज्य का सूचना तकनीक विभाग भी था। उनके निधन पर YSRCP लोकसभा सांसद के. रघु रामा कृष्णा राजू समेत कई नेताओं ने शोक जताया।