जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: बुल्ली बाई नाम के एप पर मुसलमान लड़कियों की कथित ऑनलाइन निलामी मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी इंजीनियरिंग का छात्र है और पुलिस ने उसे बैंगलोर से गिरफ्तार किया है।
महाराष्ट्र के गृहमंत्री सतेज पाटिल ने सोमवार रात ट्वीट कर यह अपडेट दिया। हालांकि मंत्री सतेज पाटिल ने आरोपी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। इसके पीछे पूरी जांच का हवाला दिया गया।
गृहमंत्री ने ट्वीट कर बताया, ‘’मुंबई पुलिस को एक सफलता मिली है। हालांकि हम इस समय कोई विवरण नहीं दे सकते क्योंकि इससे चल रही जांच में बाधा आ सकती है,मैं सभी पीड़ितों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम अपराधियों को लगातार खोज रहे हैं और वे जल्द ही कानून के सामने होंगे।‘’
दिल्ली-मुंबई में FIR दर्ज
दरअसल, रविवार को पश्चिम मुंबई साइबर पुलिस स्टेशन में ‘बुल्ली बाई’ ऐप डेवलपर्स और इसके कंटेंट को शेयर करने वाले ट्विटर हैंडल के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। इसके अलावा इस संगीन मामले में दिल्ली पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज की है। मुंबई पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इन धाराओं में केस दर्ज
अज्ञात अपराधियों पर आईपीसी की धारा 153 (ए) (धर्म के आधार पर नफरत को बढ़ावा देना)
153 (बी) (राष्ट्रीय अखंडता और एकता को नुकसान पहुंचाना)
295(ए) (जानबूझकर दुर्भावनापूर्ण काम करना)
इसके साथ ही इसमें 354डी (पीछा करना), 509 (किसी महिला के शील का अपमान करना), 500 (आपराधिक मानहानि) की धाराएं लगाई गई हैं। इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 (अश्लील सामग्री फैलाना) भी लगाई गई है।
क्या है मामला
दरअसल, एक जनवरी को कई मुस्लिम महिलाओं ने ट्विटर पर बताया कि, उनकी तस्वीर को गिटहब पर बनाए गए ऐप ‘बुल्ली बाई’ पर इस्तेमाल करके उनका ऑनलाइन‘मोल-भाव’किया जा रहा है। भारत की कई मुसलमान महिलाओं को ऑनलाइन उत्पीड़न का शिकार बनाया गया है। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ तेज कर दी।