जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: दुनियाभर में कोरोना के नए वैरिएंट से चिंता बढ़ गई है। कई देशों में कोविड के मामले अब कम हो रहे थे और जीवन धीरे धीरे पटरी पर लौट ही रहा था कि, दक्षिण अफ्रिका में कोरोना वायरस के नए रूप ने टेंशन बढ़ा दी है। कहा जा रहा है साउथ अफ्रिका में पाया गया ये वैरिएंट काफी तेजी से फैलता है। इस वैरिएंट को B.1.1.529 नाम दिया गया है और 30 से ज्यादा बार इसका म्यूटेशन हो चुका है।
26/11 Attack: जब दहल उठा मुंबई शहर, क्या मीडिया ने राष्ट्र सुरक्षा को ताक पर रखकर की कवरेज ?
साउथ अफ्रीका में कोरोना के इस नए वैरिएंट ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया। सभी देश सतर्क हो गए हैं। भारत में भी चेतावनी जारी कर दी गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों में अलर्ट जारी करते हुए मुस्तैद रहने के लिए कहा है। साथ ही मंत्रालय ने कोविड के नए वैरिएंट से प्रभावित मुल्कों से आ रहे लोगों की स्क्रीनिंग के निर्देश जारी किए। भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की कोरोना जांच कराई जाएगी। वहीं, रैपिड टेस्ट पर भी जोर दिया जाने लगा।
टेंशन में वैज्ञानिक
कोरोना के इस नए वैरिएंट की सबसे डरावनी बात ये है कि यह 30 ज्यादा बार रूप बदल चुका है। इससे WHO के साथ साथ वैज्ञानिक भी टेंशन में हैं। क्योंकी कोरोना की दूसरी लहर में पूरी दुनिया ने भयावह तस्वीरें देखी। भारत देश सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। दूसरी लहर में डेल्टा और डेल्टा प्लस वैरिएंट इसी तरह म्यूटेट होकर जानलेवा साबित हुआ था। वहीं, इस वैरिएंट पर वैक्सीन कितनी कारगर है इस पर भी स्टडी की जा रही है जिसमें समय लग सकता है। तब तक डर है कि कोरोना भयावह रूप ना ले।
कई देश उठाने लगे सख्त कदम
साउथ अफ्रीका में फैले नए वैरिएंट के बाद ब्रिटेन और इजरायल जैसे देशों ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए। साउथ अफ्रीका, बोत्सवाना समेत चार अफ्रीकी देशों की फ्लाइट पर रोक लगा दी गई। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने इन देशों से आ रहे यात्रियों के लिए सख्त नियम लागू कर दिए।