जनतंत्र डेस्क Japan: जापान की राजकुमारी माको ने अपने लॉन्गटाइम बॉयफ्रेंड केई कोमुरो से शादी कर ली। ये बात खास इसलिए है क्योंकि माको शाही खानदान से हैं और उन्होंने जिनसे शादी की है, वे एक कॉमन बॉय हैं जिनका शाही खानदान से कोई ताल्लुक नहीं। केई कोमुरो जापानी राजवंश से बाहर एक सामान्य नागरिक हैं। राजकुमारी माको के कोमुरो से शादी करने के साथ ही उनकी शाही पदवी भी खत्म हो गई।
दरअसल बात ये है कि, जापानी राजवंश की परंपरा के अनुसार राजवंश से बाहर विवाह करने पर राजकुमारी या राजकुमार की शाही पदवी खत्म हो जाती है। साथ ही राजकुमारी या राजकुमार को लगभग साढ़े सात करोड़ रुपये का हर्जाना भी दिया जाता है, लेकिन माको ने इस हर्जाने को लेने से भी इंकार कर दिया है। माको ने अपनी शादी बेहद साधारण तरीके से करने का फैसला किया।
राजकुमारी माको को कोमुरो से शादी करने के लिए कई पापड़ बेलने पड़े। वे चार साल तक अपने प्रेमी जो कि शाही खानदान से नहीं हैं, उनसे शादी करने के लिए परिवार को मनाती रहीं। इस दौरान माको ने कई विवाद झेले, बताया जा रहा है इन सबसे वह दो साल तक डिप्रेशन में भी रही। माको का कहना है कि उन्होंने ये सब अपने प्यार के कारण किया। वे जीवन में खुशियां चाहती हैं, आखिरकार उन्हें अब खुशियां नसीब होंगी।
शाही खानदान से नहीं लिया तोहफा
बताया जा रहा है इस शादी के बाद ना कोई सामुहिक भोज होगा और ना ही कोई रस्में। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद माको शाही खानदान की पहली ऐसी सदस्य हैं जिन्होंने शादी के लिए शाही परिवार से कोई उपहार नहीं लिया। माको का कहना है कि, ”हमारे लिए दिलों के सम्मान और जिंदगी जीने के लिए शादी एक जरूरी विकल्प है।” उन्होंने कहा, ‘हम दोनों एक दूसरे से अलग नहीं हो सकते हैं और बुरे समय में एक दूसरे को सहारा दे सकते हैं।’
राजकुमारी माको के प्रेमी कोमुरो अमेरिका में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोमुरो स्कीईंग, वायलिन बजाने और कुकिंग के शौकीन हैं। समुद्र तटों पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वह बतौर ‘प्रिंस ऑफ द सी’ काम करते हैं। राजकुमारी माको को उनके प्रेमी केई कोमुरो ने दिसंबर 2013 में एक डिनर के दौरान शादी का प्रस्ताव दिया था। दोनों ने अपने प्यार को लंबे समय तक छिपाकर रखा।