जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: कर्नाटक के स्कूल कॉलेज में मुस्लिम लड़कियों के हिजाब पहनने पर प्रतिबंध मामले में कर्नाटक हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है। इसी बीच मामले की सुनवाई कर रहे एक जज के विरुद्ध ट्वीट करने के आरोप में कन्नड़ अभिनेता चेतन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। चेतन कुमार को जस्टिस कृष्णा दीक्षित की आलोचना करने के बाद बेंगलुरु में गिरफ्तार किया गया।
Tripura: महिला पत्रकारों को मिली जमानत, गिरफ्तारी पर कई सवाल
चेतन कुमार को एक ट्वीट के संदर्भ में गिरफ्तार किया गया है। ट्वीट में कन्नड़ एक्टर ने हैरानी जताते हुए टिप्पणी की थी, ‘’एक ऐसा जज, जिसने अतीत में “परेशान करने वाली टिप्पणी” की हैं, एक विवादास्पद मामले की सुनवाई क्यों कर रहे हैं? अपने इस ट्वीट में चेतन कुमार साल 2020 के एक आदेश का जिक्र कर रहे थे। जिसमें जस्टिस कृष्णा दीक्षित ने बलात्कार का आरोप लगाने वाली एक महिला के आचरण पर सवाल उठाया था।
लोगों में आक्रोश
अपनी बेबाक राय सोशल मीडिया पर खुलकर रखने वाले एक्टर चेतन कुमार की गिरफ्तारी से लोगों में रोष है। पुलिस की मंशा पर भी सवाल उठ रहे हैं। कन्नड़ एक्टर, चेतन कुमार अहिंसा नाम से ट्विटर पर एक्टिव रहते हैं। वे अमेरिकी नागरिक और फुलब्राइट स्कॉलर हैं। साथ ही वे एक तेज़तर्रार दलित अधिकार कार्यकर्ता भी हैं। चेतन कर्नाटक में कई दक्षिणपंथी विरोध प्रदर्शनों में शामिल रहे हैं।
चेतन कुमार की पत्नी मेघा ने आरोप लगाया है कि कुछ पुलिस अधिकारियों द्वारा ले जाने के बाद से उनके पति ‘गायब’ हो गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुद को लाइव करते हुए मेघा ने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना या कानूनी नोटिस के चेतन को उसके घर से ले जाया गया और अब उसके ठिकाने का पता नहीं चल रहा है।
चेतन कुमार ने 16 फरवरी को एक ट्वीट में एक बलात्कार के मामले का उल्लेख किया जिसमें जस्टिस दीक्षित ने महिला के बयान पर “विश्वास करना थोड़ा मुश्किल है” कहते हुए, आरोपी को अग्रिम जमानत दी थी। जज ने 2020 में कहा था, “उसके द्वारा दिया गया ये बयान कि इस कृत्य के बाद वह थक गई थी और सो गई थी, एक भारतीय महिला को शोभा नहीं देता।”