जनतंत्र डेस्क, Karnataka: कर्नाटक के उड्डुपी में हिजाब विवाद गर्माता जा रहा है। कर्नाटक के कुंडापुरा कॉलेज की 28 मुस्लिम छात्राओं को हिजाब पहनकर क्लास अटैंड करने से रोका गया था। जिसके बाद कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विरोध तेज हो गया। स्थिति तब औऱ बिगड़ गई जब हिजाब के विवाद में कुछ लोग भगवा को भी ले आए।
Karnataka: 800 साल पुराने मंदिर को बचाने के लिए हिंदू-मुस्लिम ने कायम की सौहार्द की मिसाल
हिजाब पहनी छात्राओं को कॉलेज में एंट्री ना मिलने पर छात्राओं ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। जिसमें कहा गया था कि इस्लाम में हिजाब अनिवार्य है, इसलिए उन्हें इसकी अनुमति दी जाए। इन छात्राओं ने कॉलेज गेट के सामने बैठकर धरना देना भी शुरू कर दिया था।
लड़कियों के हिजाब पहनने के जवाब में कुछ हिंदू संगठनों ने लड़कों को कॉलेज कैंपस में भगवा शॉल पहनने को कहा था। वहीं, हुबली में श्रीराम सेना ने कहा था कि जो लोग बुर्का या हिजाब की मांग कर रहे हैं, वे पाकिस्तान जा सकते हैं। ये सवाल भी उठाया गया था कि हिजाब पहनकर क्या भारत को पाकिस्तान या अफगानिस्तान बनाने की कोशिश की जा रही है? इतना ही नहीं कॉलेज मजहबी अखाड़े बन गए जहां राम भी बीच में आए और अकबर भी।
भगवा झंडा फहराने के वीडियो
सोशल मीडिया पर कर्नाटक के शिमोग के कुछ वीडियोज भी वायरल हो रहे हैं। जिसमें एक शख्स पोल पर चढ़ा हुआ है। पोल पर भगवा झंडा लहरा रहा है। पोल पर भगवा झंडा लगने के बाद नीचे खड़े छात्र खुशी से चिल्लाते दिख रहे हैं। कहा जा रहा है इस पोल पर पहले तिंरगा लहरा रहा था।