जनतंत्र डेस्क, कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के नौरंगिया टोला गांव में शादी की रस्मों के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां कुआं ढहने से 13 महिलाओं की मौत हो गई। जबकि 10 से ज्यादा महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। सभी लड़कियां और महिलाएं घर में हल्दी की रस्म में शामिल होने पहुंची थीं।
Rajasthan: जयपुर में बड़ा सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराई कार, चार पुलिसकर्मियों समेत 5 की मौत
इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके मरने वालों के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। पीएम ने ट्वीट में लिखा, “उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट कर शोक जताया। उन्होंने लिखा,’’ “जनपद कुशीनगर के ग्राम नौरंगिया स्कूल टोला की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई ग्रामवासियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।”
कैसे हुआ हादसा
कुशीनगर के नौरंगिया टोला गांव के परमेश्वर कुशवाहा के लड़के की शादी की तैयारियां चल रही थीं। शाम करीब 7.30 चल रही थी महिलाएं गांव के एक कुएं के पास इकट्ठा थीं। कुछ महिलाएं कुएं के स्लैब पर बैठी थी। करीब 8.30 अचानक कुएं का स्लैब भरभरा कर गिर गया और महिलाएं कुएं में गिर गईं। तुरंत हंगामा शुरू हो गया और पूरा गांव बचाव में जुट गया।
रेस्क्यू में पूरा गांव रस्सी और सीढ़ियों के सहारे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश करने लगा। इसके अलावा सेप्टिक टैंक से लगभग 9 टैंकर पानी बाहर निकाला गया। उसके बाद महिलाओं के शव कुएं से बाहर निकलने लगे। मृतक के परिजन को 4 लाख रुपए आर्थिक सहायता दी जाएगी।