जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: रूस का यूक्रेन पर हमला जारी है। रूसी सेना नागरिक स्थानों को भी निशाना बना रही है और लगातार बमबारी और गोलीबारी की जा रही है। अस्पताल पर हमले के बाद रूस ने मोरियुपोल शहर के स्कूल को निशाना बनाया है। रूस ने स्कूल पर बम बरसाए हैं। यूक्रेन का दावा है कि स्कूल में 400 से ज्यादा लोग पनाह लिए हुए थे जिनमें महिलाएं और बच्चे हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा है कि एक दिन रूस को अपनी हरकतों की सजा जरूर मिलेगी। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कीव के वोरजोल कस्बे में एक अस्पताल का दौरा किया। जहां वे रूस के हमले में पीड़ित लोगों से मिले। इस दौरान एक महिला जेलेंस्की से मिलकर फूट-फूटकर रोई। जेलेंस्की ने महिला को हौसला रखने के लिए कहा और फ्लॉवर भेंट किए।
अस्पताल में जेलेंस्की ने घायल नागरिकों और उनके परिजनों से मुलाकात की। रूस के आक्रामक हमले रूकने का नाम नहीं ले रहे। रिहायशी इलाकों में तबाही का मंजर जारी है। यूक्रेन के मारियुपोल शहर में बमबारी तेज हो रही है और लाखों नागरिक अभी भी वहां फंसे हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा है कि रूस की हरकतों को सदियों तक याद रखा जाएगा।