जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बेमौसम बारिश से खराब हुई फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को मुआवजा राशि का चेक सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा, 20 हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से पूरे देश में किसानों को सबसे ज्यादा मुआवजा दिल्ली में मिल रहा है।
सीएम केजरीवाल ने अक्टूबर 2021 में बेमौसम बारिश के चलते खराब हुई फसलों के लिए किसानों को मुआवजे का चेक वितरित किए। दिल्ली सचिवालय के ऑडोटोरियम में आयोजित मुआवजा वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के साथ राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत, मुख्य सचिव विजय देव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान किसानों ने सीएम अरविंद केजरीवाल को पगड़ी बांध कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2013 की बात है। हमारी नई-नई पार्टी बनी थी। उस समय बेमौसम ओले पड़े थे। कई किसानों की फसलें बर्बाद हो गई थीं। उस समय स्वर्गीय शीला जी मुख्यमंत्री थीं। उनके पास कोई पत्रकार गया और बोला कि किसान बहुत दुखी हैं। ओले पड़े हैं, कुछ मुआवजा दिया जाएगा क्या? इस पर उनका जवाब था कि दिल्ली में खेती भी होती है क्या? यह ये दिखाता है कि दिल्ली के पूरे शासन व्यवस्था से किसान किस तरह से गायब था।
फसलों का लिया जायजा- केजरीवाल
सीएम केजरीवाल ने बताया, हमारी फरवरी में सरकार बनी थी और अप्रैल में कुछ किसान आए और बोले कि बेमौसम बारिश हो गई है और उसकी वजह से हमारी फसल बर्बाद हो गई। मैं उनके साथ हो लिया और 8-10 गांवों में घूम कर आया और देखा कि फसल काफी बर्बाद हो गई थी। हम लोगों ने किसानों के साथ वहीं खाट पर बैठ कर नुकसान का आंकलन किया और वहीं पर हमने 20 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देना तय किया।
कैसे तय हुई मुआवजा राशि
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बीते अक्टूबर के महीने में बेमौसम बारिश हो गई थी। उसकी वजह से किसानों की फसल बर्बाद हो गई थी। मुआवजे का आंकलन करने के लिए हमने बहुत ही साधारण तरीका अपनाया है। अगर फसल 70 फीसद से कम नुकसान हुई है, तो किसान को 70 फीसद मुआवजा देंगे और 70 फीसद से ज्यादा फसल नुकसान हुई है, तो 100 फीसद मुआवजा दे देंगे। इसमें ज्यादा गणना करने की जरूरत ही नहीं है।
वृद्ध किसान को सीएम खुद चेक देने पहुंचे
किसान जय प्रकाश को फसल के नुकसान पर 2 लाख 76 हजार 200 रुपए का चेक दिया गया। जय प्रकाश काफी वृद्ध हैं और वो मंच तक चेक लेने में आने के लिए खुद को असमर्थ पाए। हालांकि जय प्रकाश ने मंच तक पहुंचने की कोशिश जरूर की। यह देखकर सीएम अरविंद केजरीवाल चेक लेकर खुद उनके पास पहुंचे और उन्हें सौंपा। मुख्यमंत्री को अपने पास आकर चेक देने से किसान जय सिंह भावुक हो उठे।
‘किसानों की इज्जत से ही तरक्की’
चेक सौंपते वक्त अरविंद केजरीवाल ने कहा, देश या जिस राज्य में किसानों की इज्जत नहीं है, वो देश तरक्की नहीं कर सकता। हमारी सरकार बनने से पहले दिल्ली के शासन व्यवस्था से किसान पूरी तरह से गायब था। उन्होंने कहा ‘आप‘की सरकार है, जब भी किसी चीज की जरूरत हो, तो यह मत सोचना कि आपका कोई नहीं है।