जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के मौके पर इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण कर दिया है। इस दौरान उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।
होलोग्राम प्रतिमा के अनावरण के साथ ही पीएम मोदी 2019, 2020, 2021 और 2022 के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार का भी वितरण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में अमित शाह ने कहा, सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को पराक्रम, देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देगी। यह करोड़ों लोगों के भाव की अभिव्यक्ति होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा, यह कालखंड ऐतिहासिक है। यह स्थान जहां हम मौजूद हैं, यह भी ऐतिहासिक है। आज हम इंडिया गेट पर अमृत महोत्सव मना रहे हैं। नेताजी की भव्य प्रतिमा डिजिटल स्वरूप में इंडिया गेट पर स्थापित हो रही है। जल्द ही इसकी जगह ग्रेनाइट की विशाल प्रतिमा लगेगी। यह प्रतिमा आजादी के महानायक को कृतज्ञ राष्ट्र की श्रद्धांजलि है।
PM के संबोधन की खास बातें
पीएम मोदी ने कहा, पिछले साल से देश ने नेताजी की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाना शुरू किया। आज पराक्रम दिवस पर आपदा प्रबंधन पुरस्कार दिए गए। इसकी प्रेरणा नेताजी के जीवन से ली गई है। परिस्थितियां कैसी भी हों, हौसला है तो हम आपदा को भी अवसर में बदल सकते हैं। यही संदेश नेताजी ने हमें आजादी की लड़ाई के दौरान दिया था।