जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: मुंबई में इंडियन नेवी डॉकयार्ड पर मंगलवार को युद्धपोत INS रणवीर के इंटरनल कम्पार्टमेंट में ब्लास्ट हो गया है। इस हादसे में नेवी के तीन जवान शहीद हो गए जबकि 10 जवानों के घायल होने की खबर है। हालांकि जहाज को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है क्योंकी समय रहते चालक दल के सदस्यो ने ब्लास्ट के बाद लगी आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, ब्लास्ट उस वक्त हुआ जब INS रणवीर ईस्टर्न नेवल कमांड से क्रॉस कोस्ट ऑपरेशनल डिप्लॉयमेंट पर था। INS रणवीर को जल्दी ही उसे अपने बेस पोर्ट पर लौटना था और उसके कुछ देर बाद ही तट की ओर लौटना था, तभी ये विस्फोट हुआ। इस मामले की जांच के लिए बोर्ड ऑफ इनक्वायरी का आदेश दे दिया गया है। वहीं, घायल जवानों का नेवी के हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
INS रणवीर की खासियत
28 अक्टुबर 1986 में INS रणवीर भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था। यह पांच राजपूत श्रेणी के विध्वंसकों में से चौथा युद्धपोत है। इसे संचालित करने के लिए 30 अधिकारियों और 310 नाविकों का एक दल है। INS रणवीर हथियारों और सेंसर से लैस है। इसमें सतह से सतह और सतह से हवा में वार करने वाली मिसाइल, विमान भेदी और मिसाइल रोधी बंदूकें और टारपीडो और पनडुब्बी रोधी रॉकेट लांचर हैं।
राहुल गांधी ने जताया दुख
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने INS रणवीर में हुए विस्फोट में नौसैनिकों के निधन पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। गांधी ने ट्वीट किया, ‘आईएनएस रणवीर में विस्फोट की खबर बेहद दुखद है। जान गंवाने वाले नौसेना के नाविकों के परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना। घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’