Lakhbir Singh Landa: बब्बर खालसा इंटरनेशनल के सदस्य लखबीर सिंह लांडा को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आतंकवादी घोषित कर दिया है। बता दें कि कनाडा से भारत में आतंक फैलाने वाले लखबीर सिंह पर हत्या और हत्या करने की कोशिश जैसे कई मामले दर्ज हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लखबीर को यूएपीए एक्ट के तहत आतंकवादी घोषित किया है। तो वहीं लांडा मोहाली और तरनतारन में हुए आरपीजी हमले का मास्टरमाइंड है। इसके अलावा, पाकिस्तान से भारत में हथियारों और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस की तस्करी की निगरानी करने का भा आरोप है।
गृह मंत्रालय ने जारी की सूचना
गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को एक अधिसूचना जारी कर कहा कि लांडा पाकिस्तान से भारत में तस्करी किए जाने वाले हथियारों और आईईडी डिवाइसों का मुख्य सूत्रधार है। उसके खिलाफ एनआईए ने कई मामले पहले से दर्ज किए हैं। गृह मंत्रालय (एमएचए) ने कनाडा स्थित गैंगस्टर और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) नेता लखबीर सिंह लांडा को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत ‘व्यक्तिगत आतंकवादी’ घोषित किया है।
Canada-based Babbar Khalsa’s Lakhbir Singh Landa declared a terrorist by Ministry of Home Affairs. pic.twitter.com/iz2eNhpxyt
— ANI (@ANI) December 30, 2023
10 लाख का इनाम
लखबीर सिंह पंजाब के तरनतारन का रहने वाला है, जिसके खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने रेड कॉर्नर नोटिस (2021 में) भी जारी किया हुआ है। साल 2017 में कनाडा फरार हुए लखबीर सिंह लांडा के सिर एनआईए ने 10 लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया हुआ है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि खुफिया एजेंसी के मुताबिक फिलहाल वो कनाडा के अल्बर्टा में छिपा हुआ है।