Maharashtra : मराठा आरक्षण आंदोलन के कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने घोषणा की कि वह अपना 17 दिन का अनशन वापस ले रहे हैं। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक राज्य सरकार ऐसे लोगों के परिवार के सदस्यों को कुनबी जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं कर देती, तब तक वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
मनोज जरांगे ने क्या कहा?
पिछले सप्ताह राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों में सर्वसम्मति से शिक्षा और सरकारी नौकरियों में मराठा समुदाय के लिए 10 फीसदी अलग से आरक्षण प्रदान करने वाला एक विधेयक पारित किया था। जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में 10 फरवरी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे मनोज जरांगे ने इसका स्वागत किया था। हालांकि, उन्होंने मराठों को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के तहत आरक्षण देने की मांग की और अपना अनशन जारी रखा। जरांगे ने कहा कि मैं आज अपना अनशन टाल रहा हूं। लेकिन, 3 से 4 युवा यहां बैठे रहेंगे। वे हमारी मांगों को लेकर रोज रोजा रखेंगे। मैं कुछ गांवों का दौरा करूंगा और उन्हें अपना रुख स्पष्ट करूंगा। वे यहां अंतरवाली सराटी गांव में मुझसे मिलने नहीं आ सके, क्योंकि गृह विभाग ने पाबंदियां लगाई थीं।
देवेंद्र फडणवीस पर लगाए थे गंभीर आरोप
आरक्षण आंदोलन को लेकर उनके खिलाफ दर्ज कई पुलिस शिकायतों के बारे में पूछे जाने पर वह बेफिक्र नजर आए। उन्होंने कहा कि अगर वे मेरे खिलाफ मुकदमा चलाना चाहते हैं तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन, ऐसा करके वे मुसीबत को आमंत्रित करेंगे। लोग आक्रोशित होंगे और मुख्यमंत्री व राज्य के गृहमंत्री को परिणाम भुगतने पड़ेंगे। अब फैसला उनके हाथ में है। आरक्षण कार्यकर्ता ने एक दिन पहले उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फडणवीस उन्हें मारना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें – Adobe Report : भारतीयों को इंसानों से ज्यादा एआई से बात करना पसंद