जनतंत्र डेस्क, पंजाब: ‘केजरीवाल गारंटी’’ के तहत पंजाब में हजार रुपए प्रतिमाह लेने की इच्छुक महिलाओं के लिए आम आदमी पार्टी ने सराय खास गांव से रजिस्ट्रेशन अभियान शुरू किया। इस मौके पर ‘आप’ संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद पहला रजिस्ट्रेशन फार्म भरे और कहा कि रजिस्टर्ड महिलाओं को आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद हजार-हजार रुपए दिए जाएंगे।
अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर हमला बोला। उन्होंने कहा, यह कैप्टन का कार्ड नहीं है, जो पिछली बार उन्होंने दिया था। यह केजरीवाल की गारंटी है। मैं जो कहता हूं, वो करता हूं। चन्नी साहब कहते हैं कि हजार रुपए देने से महिलाएं कामचोर हो जाएंगी। ये लोग हजारों-करोड़ों रुपए डकार कर आलसी नही हुए, तो हमारी महिलाएं हजार रुपए लेने से आलसी कैसे हो जाएंगी?
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में कहा कि, पंजाब के लोगों का दिल्ली आना जाना रहता है. पंजाब के लोगों के रिश्तेदार दिल्ली में रहते हैं। पंजाब के लोग देखते और पूछते होंगे दिल्ली के विकास पर हमनें कितना ध्यान दिया है। दिल्ली की तरह हम पंजाब के निवासियों को भी मुफ्त इलाज की सुविधा देंगे।
‘आप’ संयोजक केजरीवाल ने कहा कि पहले दिल्ली के सरकारी अस्पताल बहुत खराब थे। सरकारी अस्पतालों में दवाइयां नहीं मिलती थी। दवाइयों की खिड़की नहीं खुलती थी। सभी डिस्पेंसरी में ताला लगा हुआ होता था। डॉक्टर अस्पताल में आते नहीं थे। अस्पताल की एक्सरे, एमआरआई मशीनें काम नहीं करती थीं। आज आप दिल्ली जाकर देखिए हमने सरकारी अस्पतालों को वातानुकुलित कर दिया। दवाईयां मुफ्त कर दीं, ईलाज मुफ्त में हो रहा है।