RCB New Captain Rajat Patidar : आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की कप्तानी के लिए रजत पाटीदार को चुना गया है। आरसीबी ने गुरुवार, 13 फरवरी को एक स्पेशल कार्यक्रम में रजत पाटीदार को आईपीएल 2025 के लिए RCB का कप्तान घोषित किया। पिछली बार के कप्तान फाफ डुप्लेसी को आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में रेटाइन नहीं किया गया। जिसके बाद बाजार में अटकलें थी कि विराट कोहली को एक बार फिर आरसीबी की कप्तानी सौंपी जा सकती है। लेकिन फ्रेंचाइजी ने अपने फैसले से हर किसी को चौंका दिया है। कोहली 2013 से 2021 के बीच आरसीबी के कप्तान थे। इसके बाद यह जिम्मेदारी डुप्लेसी को दे दी गई। अब पाटीदार को कप्तानी के लिए चुना गया है।
RCB ने पाटीदार पर जताया भरोसा
रजत पाटीदार पिछले कुछ सालों में आरसीबी का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कई मैच में शानदार पारियां खेली हैं। साल 2021 में उन्होंने आरसीबी की ओर से आईपीएल डेब्यू किया था। वहीं साल 2022 ऑक्शन में उन्हें किसी ने नहीं खरीदा था। लेकिन आरसीबी ने उनपर फिर भरोसा दिखाया और रिप्लेसमेंट के तौर पर वापसी हुई। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर उन्होंने आरसीबी का भरोसा जीता। आरसीबी ने आईपीएल 2025 ऑक्शन से पहले सिर्फ तीन प्लेयर रिटेन किए, जिसमें पाटीदार, कोहली और पेसर यश दयाल शामिल थे। पाटीदार को 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था।
विराट ने पाटीदार को दी बधाई
पाटीदार ने वनडे फॉर्मेट में आयोजित होने वाली विजय हजारे ट्रॉफी में कप्तानी की थी। हालांकि उनकी टीम सेमीफाइनल का सफर तय नहीं कर पाई थी। आरसीबी ने 2008 इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत से अभी तक आईपीएल ट्रॉफी हासिल नहीं कर पाई है। RCB को उम्मीद है कि शायद इस बार उन्हें ट्रॉफी मिल जाए। रजत पाटीदार के कप्तान बनने पर विराट ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि “बधाई हो रजत। आपने अपने प्रदर्शन से आरसीबी फैंस के दिलों में एक खास जगह बनाई है। मुझे यकीन है कि आप फ्रेंचाइजी को आगे ले जाएंगे।”