Ramnavmi In Sambhal News : उत्तर-प्रदेश के संभल में करीब पांच दशक बाद सनातन का झंडा गर्व के साथ लहरा रहा है। संभल में सनातन के सबूत सामने आने के बाद हिंदू पूरे जोश में हैं। संभल में सनातन के पर्व और त्योहारों को मनाने का उत्साह देखते ही बन रहा है। संभल में पहले धूम धाम से शिवरात्रि मनाई गई। होली में इस बार संभल में रंगों का खुमार छाया हुआ है। नवरात्रि पर संभल की रौनक देखते ही बन रही है। वहीं अब संभल में राम को लेकर खास तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। संभल में बड़े पैमाने पर भगवान राम की भव्य मूर्तियां बनाई जा रही है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
संभल को अयोध्या की तरह सजाने की योजना
इस बार रामनवमी पर संभल को अयोध्या की तरह सजाने की योजना है। शहर में जगह-जगह भगवान श्रीराम की भव्य मूर्तियों की स्थापना हो रही है। विशाल शोभायात्रा निकालने की तैयारी भी चल रही है। जिसमें भगवान राम के जीवन से जुड़ी झांकियां दिखाई जा रही हैं। श्रद्धालुओं के लिए राम कथा, भजन संध्या और सुंदरकांड पाठ का भी आयोजन किया जाएगा।
राम भक्तों में जबरदस्त उत्साह
संभल में रामनवमी को लेकर राम भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीराम दरबार और बजरंगबली की मूर्तियों की मांग कर रहे हैं। मांग को पूरा करने के लिए राजस्थान के कुंभलगढ़ से कई मूर्तिकार परिवार यहां पहुंचे हैं और दिन-रात मूर्तियों के निर्माण में लगे हुए हैं।
सत्यव्रत पुलिस चौकी का होगा उद्घाटन
रामनवमी वाले ही दिन संभल में सत्यव्रत पुलिस चौकी का उद्घाटन किया जाएगा। संभल पुलिस का अब एक नया चेहरा सामने आया है- धर्म, संस्कृति और आस्था के संगम का चेहरा। संभल की सत्यव्रत पुलिस चौकी का मुख्य गेट अब महाभारत के रथ की आकृति से सजा हुआ है। खास बात ये कि इस रथ के साथ श्रीमद्भगवद गीता का वह श्लोक भी अंकित है, जो धर्म और अधर्म की लड़ाई में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को सुनाया था। चौकी के सामने बनी इस आकर्षक आकृति को राजस्थान से बुलाए गए कारीगरों ने तैयार किया है। राजस्थानी संगमरमर से बनाई गई रथ की संरचना को गीता के श्लोक और महाभारत काल की भावना से जोड़कर प्रस्तुत किया गया है। इस सत्यव्रत चौकी का उद्घाटन रामनवमी पर होना है।
संभल के मंदिरों में भारी भीड़
संभल में हाल ही में जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर हिंसा हुई थी जिसके बाद से प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। नवरात्रि और रामनवमी को देखते हुए योगी प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पूरे जिले में पुलिस का कड़ा पहरा है और लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। संभल के मंदिरों में नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर को भव्य लाइटिंग और फूलों से सजाया गया। रामनवमी पर यहां विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन होगा।
जिस संभल में 4 महीने पहले दंगा हुआ था। वहां अब जय श्रीराम की गूंज सुनाई दे रही है। संभल में इस बार रामनवमी भव्य और दिव्य होगी, जिसकी तैयारी चल रही है। मंदिरों को सजाया गया है. तो पूरे शहर में भगवा झंडे लगाए जा रहे हैं। संभल में रामनवमी के दिन शोभा यात्रा निकालने की भी तैयारी चल रही है। मतलब संभल नगरी अब राममय हो गई है।