Aligarh Name Change: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले का नाम बदलकर हरिगढ़ किया जाएगा। इसका प्रस्ताव को लेकर नगर निगम में बैठक में सभी पार्षदों ने मंजूरी दे दी है। अब इस प्रस्ताव को आगे शासन को भेजे जाने की तैयारी है। साथ ही आपको बता दें कि, योगी सरकार में कई जिलों के नाम बदल चुके हैं। इलाहाबाद का नाम प्रयागराज और फैजाबाद का नाम अयोध्या किए जाने की चर्चा हर जगह हुई थी। तो वहीं अलीगढ़ के नाम को लेकर नगर निगम में प्रस्ताव पास कर दिया गया है। इसे काफी अहम कदम बताया गया है। यह नगर निगम की पहली बैठक थी।
महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि, “कल बैठक में एक पार्षद संजय पंडित द्वारा एक प्रस्ताव अलीगढ़ को हरिगढ़ करने का रखा गया। जिसको सर्वसम्मति से सभी पार्षदों ने पास करा दिया। अब इसे आगे भेजा जाएगा। मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द शासन इसे संज्ञान में लेकर अलीगढ़ के नाम को हरिगढ़ करने की हमारी मांग को पूरी करेगा।”
तालानगरी है अलीगढ़
अलीगढ़ उत्तर प्रदेश का एक अहम व्यापारिक केंद्र है और अपने ताला उद्योग के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। अलीगढ़ के ताले दुनिया भर में निर्यात किये जाते हैं। इसके अलावा अलीगढ़ अपने पीतल के हार्डवेयर और मूर्तिकला के लिए प्रसिद्ध है। अलीगढ़ देश का एक प्रमुख शैक्षिक केंद्र भी है। यहां 100 से अधिक स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान हैं। जिनमें अलीगढ़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, अलीगढ मुस्लिम यूनिवर्सिटी भी शामिल है।