Chandigarh Mayor Election: दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र चल रहे हैं, आज यानी 21 फरवरी बुधवार को इस सत्र का छठा दिन है। छठे दिन बीजेपी और आप के विधायकों ने राजधानी की समस्याओं के बारे में सदन को अवगत कराया। वहीं सीएम केजरीवाल ने भी सदन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गीता में एक श्लोक है यदा यदा ही… इसका मतलब कि जब जब धरती पर अन्याय बहुत अधिक हो जाएगा तो मैं जन्म लूंगा। तो वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर दिल्ली विधानसभा में कहा, “कल जो कुछ सुप्रीम कोर्ट में घटा, ऐसा लगा जैसे सुप्रीम कोर्ट में श्री कृष्ण मौजूद थे। एक महीने के घटनाक्रम ने बता दिया कि भाजपा चुनाव जीतती नहीं है, भाजपा चुनाव चोरी करती है।”
भाजपा चुनाव जीतती नहीं चोरी करती है -CM केजरीवाल
सीएम केजरीवाल ने कहा कि चंड़ीगढ़ मेयर चुनाव में श्रीकृष्ण जी वहां मौजूद थे। उन्होंने कैमरे बंद नहीं होने दिए। जैसे उन्होंने द्रौपदी का चीरहरण रोका, उसी तरह उस दिन उन्होंने जनतंत्र का चीरहरण रोका। ऐसा लगता है कि कल सुप्रीम कोर्ट में श्रीकृष्ण मौजूद थे। शायद चीफ जस्टिस के अंदर भगवान श्रीकृष्ण बैठे थे। हम सुप्रीम कोर्ट और सारी बेंच को धन्यवाद देना चाहते हैं। आगे कहा कि भाजपा चुनाव जीतती नहीं बल्कि चोरी करती है। भाजपा पाप कर रही है, अधर्म कर रही है। लेकिन भगवान ने बता दिया कि वो भाजपा के नहीं, देशवासियों के साथ हैं। भगवान आने वाले समय में भी भाजपा को जीतने नहीं देंगे। अब अधर्म नहीं जीत पाएगा।
किसानों को दिल्ली नहीं आने दे रहे, झुग्गियां तोड़ी जा रही -CM केजरीवाल
दिल्ली सीएम केजरीवाल ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि, किसानों को दिल्ली नहीं आने दे रहे। अपनी बात रखने का सभी को अधिका है। वो बेचारे अपनी फसल का दाम ही तो मांग रहे हैं। व्यापारी परेशान हैं, गरीबों की झुग्गियां तोड़ी जा रही हैं, लग रहा है कि भगवान के अवतरित होने का समय आ गया है। आगे कहा कि कुछ दिन कांग्रेस के खातों को सीज कर दिया, अब आप के खाते सीज करने की तैयारी है। ये तो खुलेआम कह रहे हैं कि हम तो 370 सीटें जीत रहे हैं। इन्हें देश के 140 करोड़ लोगों की जरूरत ही नहीं, वो जाए तेल लेना।