जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: भारत एक ऐसा देश है जहां सबसे ज्यादा खाध पदार्थ उगाए जाते हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा चीनी का उत्पादन भारत में होता है। चीनी निर्यात के मामले में भारत दूसरे नंबर पर है। दुनिया में भारत से ज्यादा केवल ब्राजील चीनी का निर्यात करता है।
इस बीच भारत में चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए केंद्र सरकार चीनी के निर्यात पर भी बैन लगाने की योजना बना रही है। पिछले हफ्ते ही सरकार ने घरेलू जरूरतों को देखते हुए गेहूं के एक्सपोर्ट पर बैन लगाने का फैसला लिया था। अब संभव है कि चीनी के निर्यात पर भी रोक लगाने का फैसला ले लिया जाए। रिपोर्ट के मुताबिक एक विकल्प ये भी है कि सरकार इस सीजन में चीनी के निर्यात को 10 मिलियन टन पर सीमित कर दे।
भारत से सबसे ज्यादा चीनी खरीदने वालों देशों में इंडोनेशिया, अफगानिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया और अफ्रीकी देश हैं। अगर उत्पादन की बात करें तो उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक की देश में कुल चीनी उत्पादन में करीब 80 फीसदी की हिस्सेदारी है। इसके अलावा गन्ना उत्पादक राज्यों में आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, बिहार, हरियाणा और पंजाब भी शामिल हैं।हालांकि इस फैसले का अभी तक कोई ऐलान नहीं किया गया है।