जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: गर्मी के दिनों में देश के कई हिस्सों में जलसंकट गहरा गया है। बिजली-पानी की कटौती शुरू हो गई है। महाराष्ट्र के नासिक में तो स्थिति डरावनी है। पेयजल के लिए लोग दर-दर भटक रहे हैं। नासिक के कई गांवों से परेशान करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। जिनमें महिलाएं जान जोखिम में डालकर कुएं से पानी निकाल रही हैं।
केन्या में भंयकर सूखे और अकाल की दिल दुखाने वाली तस्वीर
कुएं से पानी भरने का एक वीडियो नासिक के रोहिले गांव से सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कुएं के पास महिलाओं और बच्चों की भीड़ है। बड़ी संख्या में कुएं के पास पानी भरने के लिए बर्तन रखे हैं। कुएं में पानी तो है, लेकिन इसे भरना आसान नहीं है। क्योंकि पानी का स्तर गर्मी के कारण काफी नीचे चला गया है। इसलिए कुएं में महिलाएं पानी लेने उतर गई हैं।
महिलाएं सीढ़ियों के सहारे कुएं में उतर गई। ऊपर से लोग प्लास्टिक के डब्बे रस्सियों के सहारे उन तक पहुंचा रहे हैं। इसके बाद पानी में सीढ़ियों पर खड़ी ये महिलाएं पानी भरकर ऊपर पहुंचा रही है। ये बेहद जोखिम भरा है। जरा सी चूक में दोनों महिलाएं कुएं में गिर सकती हैं। महिलाएं कुएं की गहराई तक जा पहुंची हैं।
पानी की किल्लत ने इन महिलाओं को जोखिम में उतरने के लिए मजबूर कर दिया। महिलाओं का कहना है कि हमारे गांव में पानी की कमी है। हमें बहुत परेशानी होती है। कई बार तो लड़कियों को अपनी पढ़ाई छोड़कर पानी लाने के लिए जाना पड़ता है। एक लड़की ने बताया कि पानी लाने के कारण वे परीक्षा में भी देरी से पहुंचती हैं।
उधर नासिक के सिंचाई विभाग में इंजीनियर अलका अहिरराव का कहना है कि इस साल पिछली बार के मुकाबले स्थिति थोड़ी ठीक है। पिछले साल जल का स्तर 44% था और इस बार यह स्तर 46% है। दावे के बीच नासिक के गांवों से आती जोखिम भरी तस्वीरें पानी की किल्लत को साफ बंया कर रही हैं।