जनतंत्र डेस्क, भोपाल: मुगल शासकों की घोर आलोचक भारतीय जनता पार्टी के ही नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना अकबर से कर दी है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कैबिनेट के मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ में उनको अकबर जितना महान बताया।
दरअसल, MP के पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने PM नरेंद्र मोदी को अकबर के समान महान बताया है। इतना ही नहीं उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को मध्यप्रदेश का सर्वश्रेष्ठ हीरा कहा। मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने ये बातें गुना में लोकार्पण और भूमिपूजन के एक आयोजन के दौरान कही।
सिंधिया के लिए राजशाही कुर्सी का इंतजाम
गुना के कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी पहुंचे थे। जहां उनके लिए खास राजशाही कुर्सी का इंतजाम किया गया था। कार्यक्रम में पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि अकबर के पास हीरे छांटने की क्षमता थी। अकबर इसलिए बड़ा था, क्योंकि उसके पास 9 हीरे थे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उड्डयन मंत्रालय के लिए मध्यप्रदेश से सर्वश्रेष्ठ हीरा ज्योतिरादित्य सिंधिया के रूप में चुना है।
पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उड्डयन मंत्रालय को धरातल से उठाकर आसमान में पहुंचा दिया है। इस दौरान उड्डयन मंत्री सिंधिया ने कहा कि इस पार्टी में सेवा करने के लिए आए हैं। जब तक सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पूरी तरह से नहीं पहुंच जाता तब तक रुकेंगे नहीं।