जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: यूपी विधानसभा के चौथे चरण में मतदान जारी हैं। बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गए हैं जो शाम 6 बजे तक होंगे। यूपी में 9 जिलों की 59 सीटों पर वोटिंग हो रही है। यहां 2.13 करोड़ मतदाता 624 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें 91 महिला प्रत्याशी हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में लखनऊ, रायबरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फतेहपुर, बांदा और उन्नाव की 59 सीटों पर वोटिंग जारी है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने सुबह 8 बजे से पहले ही लखनऊ में मतदान किया। कांग्रेस छोड़ बीजेपी में आईं नेता अदिति सिंह ने रायबरेली सदर और साक्षी महाराज ने उन्नाव में वोट डाला।
दिग्गजों की साख दांव पर
चौथे चरण में योगी सरकार के 4 मंत्री समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। लखनऊ कैंट से कानून मंत्री बृजेश पाठक और मंत्री आशुतोष टंडन लखनऊ पूर्व से चुनावी मैदान में हैँ। वहीं, गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली सदर से कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में एंट्री करने वाली अदिति सिंह मैदान में हैं। कांग्रेस के सामने यहां साख बचाने की चुनौती है।
लखीमपुर में बदलेंगे हालात
अक्टुबर 2021 में लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हिंसा के बाद यहां समीकरण बदल सकते हैं। लखीमपुर कांड के बाद बीजेपी वहां पिछला प्रदर्शन दोहरा पाएगी? इस सवाल का जवाब तो नतीजों के बाद ही मिलेगा।