Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा इलाके में उस वक्त हंगामा मच गया जब एक एटीएम से पांच गुना ज्यादा कैश निकलने लगा। इसके बाद लोग उसमें से नकदी निकालने के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने 5000 रूपये की एंट्री की और 25,000 रुपये लेकर घर चले गये। स्थिति की जानकारी मिलते ही संबंधित बैंक में हड़कंप मच गया। पुलिस फिलहाल उन लोगों की तलाश कर रही है जिन्होंने अतिरिक्त पैसे निकाले हैं।
दरअसल, आगरा के प्राची एन्क्लेव के शास्त्रीपुरम स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा के बगल में लगे एटीएम में तकनीकी खराबी आ गई। जो लोग 1000 रुपये निकालने आए उन्हे तकनीकी खराबी के चलते 5000 रु. निकलने लगे।इस बात की जानकारी मिलते ही कुछ लोग 5000 की एंट्री कर 25000 रुपये लेकर घर चले गए। मामले की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। बैंक ने इसकी शिकायत नजदीकी थाने में दर्ज की। पुलिस द्वारा अधिक धनराशि लेकर गये लोगो की तलाश की जा रही है। इसी बीच चार लोगों ने निकासी की गयी अधिक धनराशि को बैंक को वापस कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बैंक एटीएम में तकनीकी खराबी के चलते इस तरह की घटना घटित हुई। सबसे पहले एक शख्स ने एक हजार रूपये की एंट्री की तो उसे 5000 रूपये प्राप्त हुए। उसने इसके बाद एक बार और कोशिश की तो फिर से उतनी ही धनराशि प्राप्त हुई। इसके बाद यह खबर तेजी से बाजार में फैल गई। अधिक धनराशि निकालने के लिए एटीएम के बाहर लंबी लाइन लग गई। कई लोगों ने तो 5000 की एंट्री कर 25000 रूपये की निकासी की। कैश कलेक्शन टीम ने बताया कि अब तक 172000 रूपये की निकासी की जा चुकी है। जानकारी मिलते ही बैंक ने एटीएम को बंद कर दिया और नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज की। पुलिस द्वारा अधिक धनराशि की निकासी करने वालों की तलाश की जा रही है।