लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इन दिनों समाजवादी पार्टी के सांसद आज़म खान पर मुश्किलों के बादल छाए है। सांसद बनने के बाद से आज़म खान के खिलाफ एक के बाद एक कई मुकदमे लिखे जा रहे है। आज़म खान के खिलाफ अभी तक रामपुर पुलिस 60 से ज्यादा मुकदमे लिख चुकी है और कई मामलों में जांच चल रही है। वही समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव आज़म खान के पक्ष में प्रेस वार्ता कर सकते है। मिली जानकारी के अनुसार आज़म खान के ऊपर हो रही कार्यवाही को लेकर मुलायम सिंह आज मीडिया के सामने बयान देंगे। मिली जानकारी के अनुसार मुलायम सिंह यादव करीब ढाई साल बाद किसी प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे।
इस वजह से कर सकते है प्रेस वार्ता
यादव परिवार में घेरलू विवाद के बाद से मुलायम सिंह ने मीडिया से दुरी बना लेकिन करीब ढाई साल एक बार फिर मुलायम सिंह यादव प्रेस वार्ता कर सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार मुलायम सिंह लखनऊ में अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस कर सकते हैं। समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा भी राज्यसभा से सांसद हैं। खबर है कि रविवार को वे लखनऊ आई थीं। उन्होंने मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की। बातचीत बड़ी लंबी रही। तंजीम ने नेताजी से अपने पति आजम को बचाने की गुहार लगाई, जिसके बाद मुलायम ने अपने बेटे अखिलेश यादव से बातचीत की। फिर तय हुआ कि नेताजी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। अखिलेश ने समाजवादी पार्टी ऑफिस में इसे करने का सुझाव दिया, तो मुलायम झट तैयार हो गए।
33 साल पुरानी दोस्ती निभा सकते है मुलायम सिंह यादव
मुलायम सिंह यादव को आजम खान से दोस्ती के नाते ढाई साल बाद पीसी करने आना पड़ रहा है। दोनों की दोस्ती करीब 33 साल पुरानी है। मुलायम ने जब 1992 में समाजवादी पार्टी बनाई, तब से आजम खान उनके साथ रहे हैं। बीच में अमर सिंह के कारण कुछ महीनों के लिए आजम पार्टी से अलग हो गए थे। आजम खान कई बार कह चुके हैं कि उनकी सियासत मुलायम सिंह तक ही है। मुलायम परिवार में मचे घमासान के दौरान आजम ने शिवपाल यादव के बदले अखिलेश यादव का साथ दिया था। आजम के समर्थन में समाजवादी पार्टी के समर्थकों ने पिछले ही महीने सड़कों पर प्रदर्शन भी किया था। ये समय का फेर ही है कि जिस आजम की भैंस चोरी होने पर बड़े बड़े पुलिस अफसर उसे ढूंढने में जुट गए थे, अब वही आजम खान भैंस चोरी के आरोपी हैं।