जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: नुपुर शर्मा के विवादित बयान के बाद देश भर में विरोध प्रदर्शन बढ़ता जा रहा है। इस दौरान प्रयागराज से हावड़ा और रांची तक हिंसक घटनाएं भी हुईं। यूपी पुलिस इन घटनाओं को लेकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। वहीं, रांची में प्रशासन ने लोगों से घर के बाहर नहीं निकलने के लिए कहा है। प्रशासन की ओर से ये ऐलान किया गया है कि घर के बाहर निकलने वाले लोगों को हिरासत में लिया जाएगा।
बता दें कि शुक्रवार को जुमें की नमाज के बाद जिस प्रकार से प्रयागराज में हिंसा हुई, उसको देखते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार ने कड़े ऐक्शन के निर्देश जारी किए। हिंसाग्रस्त इलाकों में माहौल को शांत करने में डीएम समेत कई अधिकारी घायल हुए। एडीजी प्रेम प्रकाश और कमिश्नर को लाठी भांजते देखा गया। अब अटल चौक के आसपास के इलाकों में जहां से पत्थरबाजी हुई थी, वहां बुलडोजर पहुंच गई है। उपद्रवियों की पहचान कर अवैध निर्माणों को ढाहने की तैयारी की जा रही है।
वहीं, कानपुर में 3 जून की हिंसा मामले में शनिवार को शासन की कार्रवाई हुई। हिंसा के मास्टरमाइंड जफर हयात हाशमी के एक करीबी के मकान पर बुलडोजर चला है। उसका नाम इश्तियाक बताया जा रहा है। इश्तियाक के मकान को पहले ही अवैध घोषित किया गया था। प्रशासन का कहना है कि इस मकान का नक्शा पास नहीं कराया गया है। इश्तियाक को जफर हयात का फाइनेंसर और करीबी बताया जा रहा है। साथ ही बता दें कि योगी सरकार ने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।