उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानों के तीर अब और पैने हो गए हैं। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा (SBSP) प्रमुख ओमप्रकाश राजभर इन दिनों सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के खिलाफ पूरी तरह से मोर्चा खोले हुए हैं। राजभर आए दिन ट्वीट कर सपा पर तीखे हमले बोल रहे हैं। इसी कड़ी में अब उन्होंने अखिलेश यादव की संभावित लंदन यात्रा को लेकर एक बेहद तंज भरा और हमलावर पोस्ट शेयर किया है, जिसने यूपी के सियासी पारे को और बढ़ा दिया है।

एसी-ट्विटर वाले कव्वाल भइया जी लंदन निकलने की तैयारी में हैं”
ओपी राजभर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर सपा कार्यकर्ताओं को ‘सपाई लोडर’ संबोधित करते हुए लिखा:
“‘अ’रे ओ सपाई लोडरों ! कभी लंदन गये हो…? इसलिए पूछ रहा हूं कि तुम्हारे ‘ट्विटर, एसी और पीसी’ वाले ‘कव्वाल’ भइया जी लंदन निकलने की तैयारी में हैं। मालूम नहीं, वहां उनका कौन सा मनपसंद ‘सालाना उर्स’ लगता है, जहां हाजिरी लगाने वह हर साल अंग्रेजों की राजधानी पहुंच जाते हैं। वैसे भी लखनऊ में एसी में बैठकर ट्विटर और प्रेस कॉन्फ्रेंस करते-करते मई का महीना तो बीत ही गया। अब जून की गर्मी उनके बर्दाश्त के बाहर है। लिहाजा बैग पैक होना शुरू हो गया है।”
सब गदहा बैकुंठ चले जाएंगे तो बोझा कौन ढोएगा”
सपा कार्यकर्ताओं पर निशाना साधते हुए राजभर ने आगे एक देहाती कहावत का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि तुम्हारे ‘गैंग मास्टर भइया जी’ अच्छी तरह जानते हैं कि 2027 में भी उनका और उनकी पार्टी का कुछ होना-हवाना नहीं है। यूपी में उन्हें कोई भाव नहीं दे रहा है, तो बेमतलब की धूप में घूमकर ‘करिया’ (काला) क्यों हुआ जाए।
राजभर ने तंज कसते हुए आगे लिखा:
“वैसे भी तुम लोग तो हो ही भइया-भउजी जिंदाबाद करने के लिए। लगाते रहो नारा, बिछाते रहो दरियां। सच पूछो तो तुम लोगों पर दया भी आती है और हंसी भी। पूछो क्यों ? क्योंकि तुम्हारे ‘कव्वाल भइया’ जी को उनके बाबू जी ने तो बिदेस में पढ़ा-लिखा दिया। खुद वह भी अपने बाल-गोपालों को बिदेस में पढ़ा रहे हैं। रही बात तुम लोगों की…तो तुम्हे पढ़ाई-लिखाई से कोई मतलब तो है नहीं।”
गुंडई-लूट में व्यस्त रहो, पुलिस ठोकेगी तो मिलेगी ‘पुचकार मनी'”
हमले की धार को और तेज करते हुए कैबिनेट मंत्री ने सपा के इतिहास पर भी उंगली उठाई। उन्होंने लिखा कि अखिलेश यादव भी यही चाहते हैं कि कार्यकर्ता केवल ‘जय भइया-जय भउजी’ कहें और गैर-यादव ओबीसी व बहुजनों के साथ गुंडई, छिनैती, हत्या, लूट और बलात्कार में व्यस्त रहें।
राजभर ने लिखा:
“जब पुलिस तुम्हारे पापों के घड़े को ‘ठोक-ठोक’ के फोड़ेगी, तो दो-चार, दस हजार या लाख रुपया ‘भइया जी’ की ओर से ‘पुचकार मनी’ मिल ही जाएगी। उनके बाबूजी ने तो उनका व्यवस्था कर के रख दिया है, तुम लोग अपना-अपना देख लो। देख रहे हो न डर खतम होते ही बंगाल में तुम्हारे ‘भइया जी’ की ‘दीदी जी’ के भतिजवा पर जनता कइसे थूक रही है। करम तो तुम लोगों के भी ऐसे ही हैं।”
सियासी गलियारों में हलचल तेज
ओपी राजभर का यह बयान ऐसे समय में आया है जब लोकसभा चुनावों के बाद उत्तर प्रदेश में उपचुनावों और 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर गोटियां बिछनी शुरू हो चुकी हैं। राजभर का यह ‘लंदन दौरा’ वाला तंज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर समाजवादी पार्टी की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया आने की उम्मीद है।
