ममता बनर्जी से बगावत दिखाने वाली तृणमूल कांग्रेस की सांसद सायोनी घोष ने रविवार को पूरे मुद्दे पर अपनी पहली बार चुप्पी तोड़ी। उन्होंने एयरपोर्ट पर कहा कि वह इस मुद्दे पर तब बोलेंगी, जब सही समय होगा। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आपको नहीं दूंगी, अपने क्षेत्र के लोगों को जवाब दूंगी। सायोनी कई अन्य टीएमसी सांसदों के साथ बागी हो गई हैं और काकोली घोष के नेतृत्व में बने बागी गुट ज्वाइन कर लिया है। टीएमसी के लगभग 20 सांसदों की टूट का खतरा मंडरा रहा है।
सायोनी रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचीं। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए घोष ने इस मामले पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा, “मैं अभी कुछ नहीं कहूंगी। मैं सही समय आने पर ही बात करूंगी। बागी टीएमसी सांसदों और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के बीच एक बैठक प्रस्तावित है, जिसमें उनके निचले सदन में अपने लिए अलग बैठने की व्यवस्था की मांग करने की उम्मीद है।
इसके अलावा, पार्टी के भीतर जारी राजनीतिक बगावत के बीच एक और टीएमसी सांसद, माला रॉय भी दिल्ली पहुंच गई हैं। बगावत करने वालों सायोनी घोष, काकोली घोष, यूसुफ पठान समेत 19 से 20 सांसद हैं। इन सभी ने ममता बनर्जी का साथ छोड़ते हुए नया गुट बना लिया है और एनडीए को सपोर्ट करने का फैसला किया। इससे पहले शनिवार को, तृणमूल कांग्रेस के कोलकाता नॉर्थ से सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने बागी सांसद शताब्दी रॉय के साथ नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से उनके घर पर मुलाकात की।
बंद्योपाध्याय को अपनी ही पार्टी के सदस्यों की आलोचना का सामना करना पड़ा। कृष्णानगर की सांसद महुआ मोइत्रा ने इस सीनियर नेता पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने पार्टी को अपनी लोकेशन के बारे में गुमराह किया था। असल में वे नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के घर पर देखे गए थे। एक्स पर एक पोस्ट में, मोइत्रा ने दावा किया कि बंद्योपाध्याय ने पार्टी नेताओं को बताया था कि पेट की बीमारी के कारण उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में उन्हें राजधानी में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री के घर पर टीवी पर देखा गया।
सायोनी के बगावत करने के बाद ममता बनर्जी ने उन पर कार्रवाई करते हुए यूथ तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटा दिया। उनकी जगह युवा नेता अर्णब बनर्जी को नियुक्त किया गया है। पार्टी ने महिला संगठन तृणमूल महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर भी बदलाव किया है। कोलकाता दक्षिण से सांसद माला राय की जगह नदिया जिले के कालिगंज से विधायक अलीफा अहमद को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। सायोनी घोष और माला राय दोनों ने ममता बनर्जी के खिलाफ बगावत कर दी है।